पड़ोसी की सजगता से प्रयास असफल, बैरंग लौटा बोलेरो सवार गिरोह
सतना :शहर की पुलिसिंग व्यवस्था कितनी चुस्त-दुरुस्त है इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अल्टो कार में सवार होकर आए चोर गिरोह द्वारा सुभाष चौक में स्थित सोने-चांदी की दुकान में धावा बोलने की घटना को महज 5 दिन ही बीते थे कि चोर गिरोह ने शहर के कबाड़ी टोला में स्थित आभूषण दुकान पर धावा बोल दिया. यह तो गनीमत रही कि पड़ोसी की सजगता के चलते बोलेरो सवार चोर गिरोह को उल्टे पांव वापस भागना पड़ा. लेकिन लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने शहर के कारोबारियों की नींद उड़ा कर रख दी है.
शहर की जीवन ज्योति कालोनी सोनी मोहल्ला के निवासी प्रमोद सोनी पिता कमलेश की कबाड़ी टोला हनुमान मंदिर के बगल में अलंकार ज्वेलर्स नाम से दुकान संचालित है. प्रमोद के अनुसार वे हर रोज की तरह सोमवार की रात लगभग साढ़े 9 बजे दुकान का शअर बंद कर ताला लगाते हुए अपने घर चले गए थे. जहां पर भोजन करने के बाद वे सो गए. लेकिन तडक़े साढ़े 3 बजे अचानक उनकी नींद तब खुली जब पड़ोसी शशांक गुप्ता का कॉल उनके मोबाइल पर आया. फोन पर पड़ोसी शशांक ने जानकारी दी कि सफेद रंग की बोलेरो वाहन से कुछ नकाबपोश आए हुए हैं और वे उनकी दुकान के शटर का ताला तोड़ रहे हैं.
इतना सुनते ही प्रमोद अपने घर के कुछ सदस्यों के साथ भागते हुए दुकान के पास पहुंचे. लेकिन चोरों ने उन्हें दूर से ही आता देख लिया. लिहाजा उनके दुकान पहुंचने से पहले ही सभी नकाबपोश चोर बोलेरो में सवार होकर सेमरिया चौक की ओर भाग निकले. जिसे देखते हुए प्रमोद द्वारा फौरन ही डायल 100 को सूचना दी गई. लेकिन घंटों इंतजार करने के बावजूद भी जब डायल 100 की मदद मौके पर नहीं पहुंची तो प्रमोद ने कोलगवां थाने पहुंच कर घटना के बारे में बताया. गौरतलब है कि तकरीबन इसी तर्ज पर अल्टो कार में सवार होकर आए चोर गिरोह ने शहर के सुभाष चौक क्षेत्र में स्थित रचना गोल्ड एण्ड ज्वेलर्स नामक प्रतिष्ठान में धावा बोलते हुए लाखें रु के सोने-चांदी के आभूषण और चांदी की मूर्तियां पार कर दी थीं. लेकिन 5 दिन बीत जाने के बाद भी एक ओर जहां उक्त घटना को लेकर पुलिस के हाथ खली हैं. वहीं दूसरी ओर चोर गिरोह का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है.
आधे घंटे तक की रेकी
घटना से सहमे आभूषण दुकान संचालक प्रमोद ने आस पास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की पुुटेज खंगालनी शुरु की. जिसके जरिए यह जानकारी सामने आई कि बोलेरा सवार चोर गिरोह द्वारा तडक़े 3 बजे से ही कई कच्चर लगाते हुए रेकी की जा रही थी. कई चक्कर लगाने के बाद तडक़े 3 बजे बोलेरो उनकी दुकान के पास आकर रुकी और उसमें सवार नकाबपोशों ने लोहे की रॉड से शटर तोडऩे की कोशिश शुरु कर दी. इस दौरान लगभग 5 मिनट बाद ही उन्हें किसी के आने की आहट मिली. लिहाजा वे फौरन ही बोलेरो में सवार होकर भाग निकले.
