डाक विभाग द्वारा गांधी हाल में दो दिनी डाक प्रदर्शनी आयोजित
इंदौर:जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट के मुख्य आतिथ्य में गांधी हाल में डाक प्रदर्शनी का शुभारम्भ किया गया. भारतीय डाक विभाग के तत्वाधान में आयोजित प्रदर्शनी के शुभारंभ अवसर पर सांसद शंकर लालवानी, पद्मश्री डॉ. जनक पलटा मगिलिगन एवं पोस्टमास्टर जनरल सुश्री प्रीती अग्रवाल विशेष रूप से मौजूद थीं. देवी अहिल्या बाई होलकर की 300वीं जयंती के अवसर पर गांधी हाल में विशेष डाक प्रदर्शनी लगायी गई है. इस अवसर पर पिक्टोरिअल कैंसलेशन एवं देवी अहिल्याबाई से सम्बंधित स्मारकों पर पोस्टकार्ड श्रृंखला का अनावरण भी किया गया.
मंत्री तुलसीराम सिलावट ने सम्बोधित करते हुए कहा कि माता अहिल्याबाई ने भारत के विकास में अहम योगदान दिया था एवं उनकी जयंती के उपलक्ष्य में अहिल्याबाई से सम्बंधित स्मारकों पर पोस्टकार्ड श्रृंखला का अनावरण, कृष्णपुरा छत्री पर पिक्टोरिअल कैंसलेशन का अनावरण एवं होल्कर स्टेट एवं उनके इतिहास पर जारी डाक टिकिट का प्रदर्शन करना डाक विभाग का अनूठा प्रयास है. सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि पुण्यश्लोक देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती का वर्ष चल रहा है, उन्होंने भारत की समरसता के लिए काम किया है. उनकी जयंती के अवसर पर डाक विभाग के द्वारा किया गया कार्य बहुत सराहनीय है. डॉ. जनक पलटा मगिलिगन ने भी प्रदर्शनी की सराहना की. पोस्टमास्टर जनरल इंदौर सुश्री प्रीती अग्रवाल ने कहा कि देवी अहिल्या का जीवन भारतीय इतिहास का एक स्वर्णिम पर्व है.
दुर्लभ संग्रह प्रदर्शित
बताया कि माता अहिल्या एवं होलकर स्टेट पर आधारित यह प्रदर्शनी 29 जनवरी को भी खुली रहेगी. गाँधी हाल में दर्शनीय रहेगी, जिसमे अनेक फिलाटेलिस्टों द्वारा देवी अहिल्या बाई एवं होल्कर वंश से सम्बंधित ब्रिटिश काल में जारी हुये एवं भारत की आज़ादी के पश्चात जारी हुए दुर्लभ, राज्य एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जारी डाक टिकिटों का दुर्लभ संग्रह प्रदर्शित किया जा रहा है.
वरिष्ठ फिलाटेलिस्टों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान कई वरिष्ठ फिलाटेलिस्टों को सम्मानित भी किया गया. डाक टिकिट प्रदर्शनी आयोजन में स्कूल के छात्र-छात्राओं के लिए म्जि, निबंध लेखन एवं डाक टिकिट डिजाईन प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया. इस अवसर पर प्रवर अधीक्षक डाकघर इंदौर नगर संभाग शिवांसु कुमार, डिप्टी पोस्टमास्टर अजय बाफना, क्षेत्रीय कार्यालय इंदौर के वरिष्ठ अधिकारीगण, इंदौर नगर मंडल के अधिकारीगण, वरिष्ठ फिलाटेलिस्ट तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे
