वीआई ने पश्चिम बंगाल सरकार के साथ की साझेदारी

कोलकाता, 25 मार्च (वार्ता) देश की निजी क्षेत्र की प्रमुख दूरसंचार कंपनी वोडाफोन आइडिया (वीआई) ने पश्चिम बंगाल राज्य निर्यात संवर्धन सोसायटी (डब्ल्यूबीएसईपीएस) के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर कर राज्य के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उपक्रमों (एमएसएमई) के डिजिटल परिवर्तन को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया।

इस साझेदारी के तहत वीआई अपने “रेडी फॉर नेक्स्ट” कार्यक्रम के जरिए डब्ल्यूबीएसईपीएस के साथ मिलकर एमएसएमई की डिजिटल जरूरतों का आकलन करेगी और डिजिटलीकरण के अवसरों को पहचानकर उनकी प्रतिस्पर्धात्मकता को मजबूत करेगी। यह पहल डिजिटल विभाजन को कम करने और पश्चिम बंगाल के व्यवसायों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने पर केंद्रित है।

वीआई बिजनेस द्वारा 2022 में शुरू किया गया “रेडी फॉर नेक्स्ट” कार्यक्रम एमएसएमई को उनकी डिजिटल यात्रा में सक्षम बनाने के लिए तैयार किया गया है। फरवरी 2025 तक, इस डिजिटल मूल्यांकन टूल ने 1.9 लाख से अधिक एमएसएमई को उनकी डिजिटल परिपक्वता का आकलन करने में मदद की है। वीआई बिजनेस स्थानीय भाषाओं में मूल्यांकन उपकरण, शैक्षिक सामग्री और प्रशिक्षण प्रदान करेगा, साथ ही राज्य भर में वेबिनार और कार्यक्रमों के जरिए नई तकनीकों का ज्ञान साझा करेगा।

वीआई बिजनेस के कार्यकारी उपाध्यक्ष और सेगमेंट हेड राजीव मेहता ने कहा, “एमएसएमई भारत के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में 30 प्रतिशत का योगदान देते हैं और अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। हमारी ‘रेडी फॉर नेक्स्ट’ पहल के जरिए हम उन्हें तकनीक की ताकत से सशक्त बनाना चाहते हैं ताकि वे अपने उत्पादों को वैश्विक मंच तक ले जा सकें। पश्चिम बंगाल सरकार के साथ यह साझेदारी इस दिशा में एक अहम कदम है।”

पश्चिम बंगाल के एमएसएमई और कपड़ा विभाग के प्रधान सचिव राजेश पांडे ने कहा, “वीआई बिजनेस के साथ यह सहयोग राज्य के एमएसएमई और कारीगरों को डिजिटल टूल्स से लैस करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। हमारा फोकस ग्रामीण कारीगरों और महिला उद्यमियों के लिए नए अवसर पैदा करना है, ताकि वे तकनीक-संचालित भविष्य के लिए तैयार हो सकें।”

Next Post

चलते ट्रक में लगी आग

Tue Mar 25 , 2025
वारदाने और ट्रक जलकर खाक   मंडला। नेशनल हाईवे 30 स्थित नारायणगंज तहसील के ग्राम कालपी में 25 मार्च मंगलवार सुबह करीब पांच बजे जबलपुर की तरफ जा रहे एक ट्रक में अचानक आग लग गई। ट्रक में वारदाने लोड थे। जिसके कारण आग बहुत तेजी से पकड़ ली और […]

You May Like