इंदौर: खजराना थाना क्षेत्र के कृष्णबाग कालोनी में रहने वाले एक 19 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज जांच शुरु की.
खजराना पुलिस ने बताया कि थाना क्षेत्र में रहने वाले दीपक के परिवार के सदस्य घटना के समय अपने-अपने काम पर गए हुए थे.
घर में अकेले रहने के दौरान उसने अपने कमरे में फांसी लगा ली. शाम को दीपक का बड़ा भाई पवन जब काम से घर लौटा, तो मुख्य गेट खुला मिला. अंदर जाकर देखा तो कमरे का दरवाजा बंद था. दरवाजा खोलने पर पवन ने दीपक को फंदे पर लटका हुआ पाया. पवन ने तुरंत उसे नीचे उतारा और निजी अस्पताल ले गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर वहां से उसे एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया गया. डॉक्टरों ने जांच के बाद दीपक को मृत घोषित कर दिया. पुलिस का कहना है कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है.
कुछ दिनों से था परेशान
परिवार के मुताबिक, दीपक पिछले कुछ दिनों से परेशान दिखाई दे रहा था. पवन ने बताया कि दीपक का मोबाइल 10 दिन पहले टूट गया था, जो रिपेयर के लिए दिया गया था. दीपक के परिवार में माता-पिता और एक छोटा भाई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है कि दीपक ने आत्महत्या क्यों की. आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है.
