बड़े नेताओं की जिद के चलते इंदौर का फैसला होल्ड पर

सियासत

लगता है इंदौर जिले के दोनों अध्यक्षों का फैसला अब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के चुनाव के बाद ही होगा। ऐसा लग रहा था कि बुधवार देर रात तक इंदौर के जिलों की घोषणा हो जाएगी लेकिन ऐसा नहीं हो सका। इंदौर में मामला उलझने के कारण बड़े नेताओं की दिलचस्पी है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के अलावा केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, मध्य प्रदेश विधानसभा के स्पीकर नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद की भी दिलचस्पी इंदौर की नियुक्तियों में है।

इसके अलावा सबसे बड़ा फैक्टर कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का है। विजयवर्गीय के दबदबे का ग्रामीण में उषा ठाकुर, मनोज पटेल और तुलसी सिलावट विरोध कर रहे हैं तो नगर में मालिनी गौड़ ने मोर्चा ले रखा है। इधर यह भी खबर है कि इंदौर नगर भाजपा अध्यक्ष के फैसले के साथ ही प्रदेश का नेतृत्व इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष का भी फैसला ले लेगा। दरअसल,मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव अगले कुछ दिनों में राजनीतिक नियुक्तियों का पिटारा खोलने वाले हैं। इसकी तैयारीयां की जा रही हैं। शुरुआत रामनिवास रावत से की जाएगी जिन्हें बड़े निगम मंडल का अध्यक्ष बनाकर कैबिनेट का दर्जा दिया जा रहा है।
इसी के साथ इंदौर विकास प्राधिकरण का फैसला भी जल्दी ही होने की खबर है। मुख्यमंत्री चाहते हैं कि इंदौर के विकास कार्यों को गति मिले इसलिए प्राधिकरण की कुर्सी को अधिक समय तक रिक्त रखना ठीक नहीं है। सूत्रों का कहना है कि इस कुर्सी के लिए गौरव रणदिवे, सुदर्शन गुप्ता और जयपाल सिंह चावड़ा लगे हुए हैं। जयपाल सिंह चावड़ा तत्कालीन संगठन महामंत्री सुहास भगत के कारण इंदौर विकास प्राधिकरण की कमान संभाल चुके हैं, लेकिन वो अब फिर से नए सिरे से कोशिश कर रहे हैं।

उनके अलावा भी अनेक दावेदार सामने आए हैं। इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष का फैसला मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव करेंगे। इसी के साथ निगम मंडलों की नियुक्तियों का भी सिलसिला इसी महीने 26 जनवरी के बाद शुरू हो सकता है। इधर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद इस कोशिश में है कि गौरव रणदिवे को लेकर भी फैसला जल्दी हो। ? इन दोनों ही नेताओं ने गौरव रणदिवे को एक और मौका देने के लिए पूरा जोर लगा रखा है। विष्णु दत्त शर्मा चाहते हैं कि उनके प्रदेशाध्यक्ष पद से हटने के पूर्व इंदौर के सभी फैसले लिए जाएं।

Next Post

खुड़ैल इलाके में तेंदुआ दिखने से मचा हड़कंप

Fri Jan 24 , 2025
तीन घंटे की मशक्कत के बाद रेस्क्यू इंदौर: खुड़ैल इलाके के देवगुराड़िया गांव के मानसरोवर नगर में गुरुवार दोपहर को एक निर्माणाधीन मकान में तेंदुआ नजर आने से हड़कंप मच गया. मकान में काम कर रहे मजदूरों ने सबसे पहले तेंदुए को देखा और तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दी. […]

You May Like