
विदिशा, 23 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के विदिशा में जिला शिक्षा अधिकारी आर के ठाकुर ने सरकारी कार्य में लापरवाही बरतने के मामले में एक शासकीय प्राथमिक शाला के एक शिक्षक को निलंबित कर दिया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार जिला शिक्षा अधिकारी श्री ठाकुर ने सरकारी कार्यों में लापरवाही बरतने और शैक्षणिक संस्था में बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहने तथा वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने पर नटेरन विकासखंड के कुमरगढ़ा की शासकीय प्राथमिक शाला में पदस्थ प्राथमिक शिक्षक अनिल कुमार शर्मा को कल तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया है। निलंबन अवधि में श्री शर्मा का मुख्यालय विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय विदिशा रहेगा और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
