नयी दिल्ली, 25 अक्टूबर (वार्ता) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और रूस की स्टेट ड्यूमा के अध्यक्ष व्याचेस्लाव वोलोदिन के बीच रविवार को यहां द्विपक्षीय वार्ता हुई जिसमें भारत-रूस मैत्री और संसदीय सहयोग को मजबूत करने पर व्यापक चर्चा की गई।
श्री बिरला ने भारत और रूस की संसदों के बीच अंतर-संसदीय आयोग की अगली बैठक आयोजित करने पर विचार करने का सुझाव दिया। दोनों नेताओं ने संसदीय प्रतिनिधिमंडलों के नियमित आदान-प्रदान, युवा एवं महिला सांसदों के बीच संवाद तथा संसदीय मैत्री समूहों के जरिए संपर्क मजबूत करने पर जोर दिया।
उन्होंने दोनों देशों के विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी संबंधों का उल्लेख करते हुए राजनयिक संबंधों की स्थापना के 80 वर्ष पूरे होने को महत्वपूर्ण अवसर बताया।
लोकसभा अध्यक्ष ने संसद भाषिणी के माध्यम से संसदीय कार्यवाही को विभिन्न भारतीय भाषाओं में सुलभ बनाने के प्रयासों की जानकारी दी और संसदीय कामकाज को सरल एवं जन-केंद्रित बनाने में प्रौद्योगिकी की भूमिका रेखांकित की। उन्होंने कहा कि ब्रिक्स देशों की संसदों के बीच निकट सहयोग वैश्विक चुनौतियों के समाधान और विकासशील देशों की साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने में सहायक होगा।
दोनों पक्षों ने आतंकवाद से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग और साझा प्रयासों की आवश्यकता पर चर्चा की।
श्री बिरला ने इस मुद्दे पर भारत को रूस के समर्थन तथा संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार और भारत की स्थायी सदस्यता के लिए रूस के समर्थन की सराहना की। दोनों नेताओं ने व्यापार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, कृषि, उद्योग और जन-जन के संपर्क को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर भी चर्चा की।
