
सीधी । चुरहट के कोष्टा पवाई के जंगल में मिले अज्ञात मानव कंकाल हत्या कांड का सीधी पुलिस ने पर्दाफास करते हुए बताया कि प्रेम प्रसंग में शादी करने के दबाव के बाद प्रेमी ने युवती की पत्थर मारकर हत्या की थी।आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया । पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी के मार्गदर्शन में थाना चुरहट पुलिस ने ग्राम कोष्टा पवाई के जंगल में मिले अज्ञात मानव कंकाल की हत्या का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।
क्या था मामले का घटनाक्रम –
दिनांक 30 जून 2026 को ग्राम कोष्टा पवाई के जंगल में अज्ञात मानव कंकाल मिलने की सूचना चुरहट पुलिस को प्राप्त हुई। सूचना पर थाना चुरहट में मर्ग क्रमांक 36/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की गई। घटनास्थल का निरीक्षण, शव पंचनामा एवं अन्य वैधानिक कार्यवाही की जाकर पोस्टमार्टम कराया गया। पीएम रिपोर्ट एवं जांच में आये तथ्यों से हत्या का अपराध घटित होना पाए जाने पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध थाना चुरहट में धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। तथा डीएनए परीक्षण की रिपोर्ट एवं मृतका के माता-पिता द्वारा पहचान किए जाने के उपरांत मृतिका की पहचान 19 वर्षीय युवती प्रियंका साकेत पिता राजराखन साकेत निवासी ग्राम मवई थाना चुरहट के रूप में हुई।
तकनीकी एवं मुखबिर तंत्र से आरोपी तक पहुंची पुलिस-
पुलिस अधीक्षक द्वारा अज्ञात आरोपी की पतासाजी एवं गिरफ्तारी हेतु 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया। विश्वसनीय मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ ही मृतिका के नंबर का तकनीकी विश्लेषण किया गया। मृतिका के संपर्क में रहे व्यक्तियों से पूंछताछ एवं साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर संदेही पवन कारपेन्टर पिता कुंजबिहारी कारपेन्टर उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम चिलरी कला, थाना कमर्जी, जिला सीधी को पूंछताछ हेतु लाया गया। पूंछताछ में आरोपी ने प्रारंभ में पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया लेकिन तकनीकी साक्ष्यों एवं कड़ी पूछताछ के आधार पर आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
प्रेम प्रसंग और शादी को लेकर विवाद में की हत्या-
पूंछताछ में सामने आया कि आरोपी एवं मृतिका की वर्ष 2024 से कॉलेज में जान-पहचान थी तथा वर्ष 2025 से दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। मृतिका द्वारा शादी की बात करने पर आरोपी द्वारा अलग-अलग जाति होने के कारण इंकार किया जा रहा था। घटना दिनांक 24 जून 2026 को आरोपी ने मृतिका को चुरहट बुलाया। जहां दोनों ग्राम कोष्टा पवाई के जंगल में पहुंचे, पुनः शादी को लेकर आपसी विवाद हुआ। इसी दौरान मृतिका द्वारा धमकी देते हुये स्वयं का नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। इसी बीच आरोपी ने मौके पर पड़े पत्थर से मृतिका के सिर के पीछे एवं कान के पास वार कर उसकी हत्या कर दी।
साक्ष्य छिपाने का किया प्रयास-
हत्या के बाद आरोपी ने मृतिका का मोबाइल बंद कर व्हाट्सएप्प से उसकी बहन को भ्रामक संदेश भेजा। बाद में मृतिका का मोबाइल तोड़कर नरकुई नदी में फेंक दिया। पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा अन्य अतिरिक्त साक्ष्य एकत्र किए जा रहे है। प्रकरण में साक्ष्य छिपाने एवं अन्य संबंधित धाराओं का समावेश किया गया है। साथ ही एससी/एसटी अधिनियम के प्रावधानों के तहत भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा-
इस संपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक रीता त्रिपाठी, विवेचक थाना चुरहट एवं थाना चुरहट पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की है।
