जबलपुर: अनियमितता,गड़बड़ी और धांधली के साथ-साथ बारिश में खराब हुई धान सभी चीजों के चलते आज समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का आखिरी दिन है। जिस पर आज आखिरी दिन बचे हुए किसान अपनी फसल लेकर नजदीकी खरीदी केंद्रों में पहुंचकर धान को बेचेंगे। खासतौर पर आखिरी दिनों में बिचौलिए और व्यापारी काफी सक्रिय हो जाते हैं,जो किसानों से माल खरीद कर सीधे खरीदी केंद्रों पर बेच देते हैं। जिन पर नजर रखने के लिए भी अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। उल्लेखनीय है कि 2 दिसंबर से जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत हो चुकी थी। जिसके लिए 10 तहसीलों के कुल 55889 किसानों द्वारा अपनी फसल बेचने के लिए पंजीयन कराया था।
आखिरी समय पर तैनात नोडल अधिकारी
धान उपार्जन के आखिरी दो दिनों के लिए कल 22 और आज 23 जनवरी को कलेक्टर दीपक सक्सेना ने प्रत्येक खरीदी केंद्र पर एक नोडल अधिकारी तैनात किए हैं। नोडल अधिकारी खरीदी केंद्र पर मौजूद रहकर सुनिश्चित करेंगे कि वास्तविक किसानों से ही धान का उपार्जन हो और एफएक्यू धान ही खरीदी जाये। कलेक्टर सक्सेना ने खरीदी केन्द्रवार नोडल अधिकारियों की नियुक्ति आखिरी दिनों में किसानों के नाम पर व्यापारियों या बिचौलियों द्वारा उपार्जन व्यवस्था का अनुचित लाभ उठाये जाने की आशंका के मद्देनजर की है।