
सोने-चांदी के जेवरात समेत 3 लाख का माल बरामद
अन्य ट्रेनों से चुराए गए 8 लाख के माल का खुलासा
भोपाल, 22 जनवरी. सफर के दौरान एसी कोच में यात्रियों का सामान चोरी करने वाले 5 सदस्यीय गिरोह को जीआरपी रानी कमलापति ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से नर्मदा एक्सप्रेस में चोरी किया गया करीब 3 लाख रुपये का माल बरामद हुआ है. प्रारंभिक पूछताछ में दूसरी ट्रेनों से करीब 8 लाख रुपये का माल चोरी होने का खुलासा हुआ है. जीआरपी यह माल बरामद करने का प्रयास कर रही है. पकड़े गए आरोपी बिहार के रहने वाले हैं. वह एसी कोच में रिजर्वेशन करवाकर सफर करते और रात के समय यात्रियों का माल चोरी कर उतर जाते थे. जीआरपी कंट्रोल से मिली जानकारी के अनुसार फरियादी विवेक विशाल (36) राजेंद्र नगर इंदौर के रहने वाले हैं. एक महीने पहले 19 दिसंबर को वह अपनी पत्नी प्रीति विशाल और बेटी अंकिशा विशाल के साथ नर्मदा एक्सप्रेस के एसी कोच में जबलपुर से इंदौर की यात्रा कर रहे थे. उनके पास चार ट्राली बैग और दो सामान्य बैग थे, जिनकों उन्होंने सीट के नीचे रखा था. रात करीब बारह बजे तीनों लोग अपनी सीटों पर सो गए थे. इस दौरान सामने वाली सीट पर एक युवक लेटा हुआ था, जो बार-बार उनके बैगों की तरफ देख रहा था. सुबह करीब सवा छह बजे ट्रेन रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो सामने वाली सीट पर बैठा युवक गायब था. विवेक ने जब सीट के नीचे रखे अपने बैग देखे तो उनके 2 टाली बैग गायब थे. बैगों में रखा था सवा 3 लाख का सामान चोरी गए बैगों के अंदर सोने का मंगलसूत्र, कान के झाले, नाक की नथ, ए जोड़ी कान के टाप्स, मांग का टीका, एक सोने की अंगूठी डायमंड लगी, चांदी की पायल, बिछिया, पांच हजार रुपए नकदी समेत करीब सवा 3 लाख रुपये का सामान रखा था. इसी प्रकार दूसरे बैग में इस्तेमाली कपड़े भरे हुए थे. जीआरपी ने इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया था. रिजर्वेशन चार्ट से पकड़ाए आरोपी जीआरपी ने कोच के रिजर्वेशन चार्ट की जानकारी निकाली और उसके बाद बिहार के रहने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पकड़े गए आरोपियों के नाम संजय खलीफा उर्फ लठवा (38), आलोक कुमार (42), प्रमोद कुमार श्रीवास्तव (50), नरेश शर्मा (48) और किशोर नट (44) बताए गए हैं. प्रमोद कुमार लखनऊ का रहने वाला है, जबकि बाकी चारों आरोपी बिहार के रहने वाले बताए गए हैं. पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी का करीब तीन लाख रुपए का माल बरामद किया है. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने महाकौशल एक्सप्रेस में ग्वालियर आउटर तथा प्रयागराज एक्सप्रेस में खंडवा स्टेशन पर चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है. दोनों ट्रेनों में बदमाशों ने करीब आठ लाख रुपए का माल चोरी किया था, जिसे बरामद करने के प्रयास किये जा रहे हैं.
