बालाघाट: जिले के मलाजखंड में एक बैंकिंग धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित खाताधारकों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर से मामले में दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है, कि अगर उनकी जमा राशि वापस नहीं की गई, तो वे सामूहिक भूख हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे।कियोस्क संचालक गौरव मिश्रा पर खाताधारकों की सरकारी योजनाओं की राशि हड़पने का आरोप है। पीड़ित खाताधारकों का कहना है कि उनके जनधन खातों से प्राकृतिक आपदा राशि, प्रधानमंत्री आवास योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना और पेंशन की राशि गायब कर दी गई है।
पीड़ितों ने थाना मलाजखंड से लेकर बैंकिंग लोकपाल, पुलिस अधीक्षक, कलेक्टर और यहां तक कि प्रधानमंत्री कार्यालय तक शिकायत की है। एक साल बीतने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। खाताधारकों का आरोप है कि यह धोखाधड़ी शाखा प्रबंधक, आईसेक्ट ब्रांच मैनेजर और आईसेक्ट भोपाल के अधिकारियों की मिलीभगत से की गई है।शिकायतकर्ताओं के अनुसार, आईसेक्ट मंडला क्षेत्र-2 के अधिकारियों ने उन्हें 15 दिसंबर 2024 तक राशि वापस करने का आश्वासन दिया था। इसके लिए सभी खाताधारकों का विवरण भारतीय स्टेट बैंक शाखा मोहगांव में जमा भी कराया गया, लेकिन अब तक कोई राशि जमा नहीं की गई है। अधिकारी अब गोलमोल जवाब दे रहे हैं।
