ग्वालियर:प्रभु श्रीराम जी की आरती के मनोरम दृश्य एवं राम रस में डूबे कवियों द्वारा किए गए काव्य पाठ से वातावरण राममय हो गया। ग्वालियर का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों ने जहां श्रीराम जी की आरती की वहीं सुप्रसिद्ध कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं का मन मोह लिया।
अवसर था शहर की सामाजिक संस्था ह्यूमन हैप्पीनेस फांउडेशन द्वारा आयोजित ‘रामस्य राष्ट्र:’ अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एवं श्रीराम जी की आरती का। यह आयोजन सनसिटी रोड स्थित शुभ स्वागतम् गार्डन में हुआ। इस कवि सम्मेलन ने शहर की साहित्यिक परंपरा को एक नई ऊंचाई दी। कार्यक्रम संयोजक लोकेन्द्र पाराशर रहे। पूर्व संभागायुक्त बी एम शर्मा व पूर्व भाजपा अध्यक्ष अभय चौधरी भी मौजूद थे।
