आठवी बार भी नंबर वन बनने को तैयार- महापौर
इंदौर: स्वच्छ सर्वेक्षण शुरू होने को लेकर आज स्मार्ट सिटी में महापौर ने समीक्षा बैठक ली. बैठक में बताया गया कि स्वच्छता की राजधानी एक बार फिर देश में स्वच्छता का परचम लहराने के लिए पूरी तरह तैयार है. इस बार इंदौर ग्लोडन सिटी अवार्ड का प्रतिभागी बनेगा.इस बार के स्वच्छता सर्वेक्षण में इंदौर ने कई नवाचारों को अपनाते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन का लक्ष्य रखा है. नगर निगम द्वारा इस वर्ष के सर्वेक्षण की तैयारियों में विशेष योजनाएं बनाई गई हैं. बैठक में स्वास्थ्य प्रभारी अश्विनी शुक्ल, अपर आयुक्त अभिलाष मिश्रा, उपायुक्त शैलेष अवस्थी, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अखिलेश उपाध्याय और स्वास्थ विभाग के कर्मचारी उपस्थित थे.
सर्वश्रेष्ठ पार्षद और सरप्राइज विजिट द्वारा होगा चयन
स्वच्छता अभियान में बेहतर प्रदर्शन करने वाले वार्डों और पार्षदों को सम्मानित करने के लिए प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है. यह प्रयास पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है.
टीपीडी प्लांट और नई परियोजनाएं
मुख्यमंत्री पहले ही 550 टीपीडी प्लांट को 800 टीपीडी में बदलने की घोषणा कर चुके हैं. इसकी तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं. इसके साथ ही स्मार्ट पायलट, सुंदर बैकलाइन, आत्मनिर्भर इंदौर और अन्य योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है.
स्वच्छता परीक्षा का आयोजन
स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु इस बार छात्रों के लिए स्वच्छता परीक्षा आयोजित की जाएगी. प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विजेताओं को पुरस्कार दिए जाएंगे.
सुबह और शाम स्वच्छता मॉनिटरिंग
सुबह और शाम स्वच्छता मॉनिटरिंग करने की विशेष योजना बनाई गई है. टीम नियमित रूप से स्वच्छता अभियान की मॉनिटरिंग एवं संचालन करेगी.
आठवीं बार नंबर वन बनने का ले संकल्प
शहर हर बार की तरह इस बार भी अपनी तैयारी में जुटा हुआ है. नगर निगम और शहर की जनता का दृढ़ संकल्प है कि स्वच्छता में आठवीं बार नंबर वन का खिताब हासिल किया जाए. महापौर भार्गव ने कहा कि इस सफलता में हर नागरिक का सहयोग आवश्यक है। सभी से आग्रह है कि स्वच्छता मिशन में सक्रिय भागीदारी निभाएं और फिर से स्वच्छता में नंबर वन बनाएं।
