औद्योगिक निवेश से 5 साल में प्रदेश का जीडीपी दुगुना करेंगे: मुख्यमंत्री

रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव का किया शुभारंभ

 

572 करोड़ की 30 औद्योगिक इकाईयों का भूमिपूजन और लोकार्पण

 

शहडोल विकास की नई इबारत लिखेगा:मुख्यमंत्री

 

मुख्यमंत्री ने इंजीनियरिंग कॉलेज में बी.टेक के नए कोर्स तथा अनूपपुर में बायपास निर्माण की घोषणा की

शहडोल। जिले में आयोजित 7वीं रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में निवेश की अपार संभावनाएं एवं अनुकूल वातावरण है। प्रदेश की सरकार ने उद्योगों के विकास के लिए और निवेशकों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। कॉन्क्लेव में प्रमुख सचिव राघवेंद्र सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश की औद्योगिक नीतियां निवेशकों के लिए अनुकूल हैं। साइबर तहसील, डीम्ड अप्रूवल और जन विश्वास बिल जैसी सुविधाओं के चलते राज्य निवेशकों को आकर्षित कर रहा है। उन्होंने बताया कि जन विश्वास बिल लाने वाला मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है।

5 हजार से अधिक निवेशकों ने कराया पंजीकरण

इस कॉन्क्लेव के लिए 5 हजार से अधिक निवेशकों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र सहित देश के विभिन्न भागों से 40 से अधिक बड़े उद्योगपति सहित स्थानीय निवेशक भी शामिल रहे। मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन चर्चा कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना। आयोजित कॉन्क्लेव में रिलायंस इंडस्ट्रीज, टोरेन्ट पावर लिमिटेड, शारदा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड, रामा सीमेंट इंडस्ट्रीज, श्री बजरंग पावर लिमिटेड, अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, ओरिएंट पेपर मिल, एसीसी सीमेंट लिमिटेड, आरके ग्रुप रायपुर, महावीर कोल रिसोर्स प्राइवेट लिमिटेड आदि के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर रिलांयस इण्डस्ट्रीज के रवि कुमार ने उद्योगों को दी जाने वाली बिजली की दर कम करने की मांग की। सारडा एनर्जी के कमल किशोर सारडा ने कहा कि शहडोल निवेश की दृष्टि से काफी अच्छी जगह है, किन्तु यहाँ अभी और अधिक इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलप करने की आवश्यकता है। गोयल टीएमटी के नरेन्द्र गोयल ने कहा कि हम छत्तीसगढ़ में जो कर रहे हैं उससे बेहतर म.प्र. में करेंगे, उन्होंने कहा कि हम शहडोल में 300 मेगावाटर का एक पावर प्लांट लगाएंगे साथ ही 1 मि. टन स्टील का भी प्लांट लगाने की योजना बना रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि स्थानीय एमएसएमई को बड़े उद्योगों के साथ साझेदारी करने के अवसर प्राप्त होंगे, जिससे उनकी वृद्धि को बल मिलेगा एवं कुटीर, ग्रामोद्योग को भी इकोसिस्टम में जुड़ने का अवसर मिलेगा। कान्वलेक्व में 5000 से अधिक लोगों ने सहभागिता की। 50 से अधिक विशिष्ठ अतिथि तथा 3000 से अधिक एमएसएमई प्रतिभागियों ने भागीदारी की। जिनमें से अधिकांश ऊर्जा, खनिज, कृषि, उद्यानिकी, खाद्य प्रसंस्करण एवं पर्यटन क्षेत्र के उद्योगपति हैं। साथ ही मध्यप्रदेश में निवेश के लिए रुचि रखते हैं।

उद्योगपतियों ने साझा किये अनुभव

रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में उद्योगपतियों ने अपने अनुभव साझा किये। मध्यप्रदेश की अग्रसर औद्योगिक नीति एवं अनुकूल औद्योगिक वातावरण होने के कारण निवेश के निरंतर प्रस्ताव प्राप्त हो रहे हैं जो कि हमारी प्रगतिशील औद्योगिक नीति का प्रत्यक्ष प्रमाण है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा 15 से अधिक प्रमुख उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन बैठक की गई। जिसमे टोरेंट पावर, रिलायंस, शारदा एनर्जी, जे.एम.एस. माइनिंग, बजरंग पावर एवं इस्पात आदि प्रमुख उद्योगपति शामिल रहे। रीजनल इण्डस्ट्री कॉन्क्लेव शहडोल में 102 इकाईयों को 401 एकड़ भूमि आवंटित की गई जिसमें 3561 करोड़ से अधिक का पूंजी निवेश एवं 9561 से अधिक व्यक्तियों को रोजगार प्रस्तावित है। रीजनल इण्डस्ट्री कॉन्क्लेव में 30 इकाईयों के भूमि पूजन लोकार्पण किये गये। जिसमें लगभग 572 करोड़ के प्रस्तावित निवेश एवं लगभग 2600 से अधिक व्यक्तियों को रोजगार सृजित होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन – रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव शहडोल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उप तहसील (टप्पा) कार्यालय भवन चन्नौड़ी, तहसील- जैतपुर, जिला- शहडोल का लोकार्पण राशि 93.40 लाख, औद्योगिक पार्क गोहपारू (दियापीपर) शहडोल का भूमिपूजन किया। यह 16.13 करोड रूपये की लागत से 51 हेक्टेयर भूमि में विकसित किया जाएगा।

15 से अधिक निवेशकों से वन-टू-वन चर्चा

मुख्यमंत्री मोहन यादव उद्योगपतियों से वन-टू-वन चर्चा की। विशेष रूप से शहडोल, अनूपपुर और उमरिया के प्रमुख कोयला उत्पादकों को आमंत्रित किया है। यह चर्चा उन प्रमुख उद्योग क्षेत्रों पर आधारित होगी, जिनमें राज्य में निवेश की संभावनाएं मौजूद हैं। मुख्यमंत्री की यह पहल स्थानीय उद्योगों और निवेशकों के लिए नए रास्ते खोल सकती है, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ सकते हैं।

इण्डस्ट्रियल कान्क्लेव प्रदेश में लाएगी औद्योगिक क्रांति

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला ने कहा कि कभी किसी ने सोचा नहीं था कि बड़े-बड़े शहरों में आयोजित होने वाले औद्योगिक समिट की तर्ज पर संभाग स्तर पर भी इस प्रकार के ब़ड़े आयोजन हो सकते हैं। प्रदेश के जुझारू मुख्यमंत्री की दूरर्शिता इस बात से प्रमाणित होती है कि संभाग स्तर पर इंडस्ट्रियल कान्क्लेव आयोजित कराकर प्रदेश में इंडस्ट्रियल क्रांति लाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहडोल के लोगों के मन में सदैव यह पीड़ा नजर आती थी कि संपदा से भरपूर यह संभाग विकास में पीछे दिखाई देता है, किन्तु अब यहाँ भी विकास के द्वार खुलेंगे और शहडोल संभाग प्रदेश में अपनी औद्योगिक पहचान भी बनाएगा।

Next Post

अंजू का पति भी तोड़ा दम, बेटा भी गिन रहा अन्तिम सांसे

Thu Jan 16 , 2025
बीजेपी जिलाध्यक्ष एवं देवसर विधायक ट्रामा सेन्टर पहुंच घायल बालक के उपचार के लिए दिया 40 हजार का आर्थिक मदद नवभारत न्यूज सिंगरौली 16 जनवरी। पुलिस चौकी तिनगुड़ी के पुरानी देवसर चटुआ नाला के पास बीती शाम हाईवा वाहन के टक्कर से मोटरसाकिल सवार पति-पत्नी एवं 8 साल का बालक […]

You May Like