
बीडीएस ने की पड़ताल, डिब्बे में बारूद की जगह निकली मिट्टी
जबलपुर। पाटन के वार्ड नंबर एक में उस समय हड़कंप मच गया जब सड़क निर्माण कार्य के दौरान एक डिब्बा मिला जिसमें एक सेल और वायर दिख रहा था जिसको लेकर शंका बढ़ गई कि यह टिफिन बम है, मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की इसके बाद बम की आशंका होने के मद्देनजर मामले की सूचना बम निष्क्रियक दल (बीडीएस) को दी गई। बम स्क्वाड ने पहुंचकर जांच की तो पता चला जिसे बम समझा जा रहा था वो बम नहीं है बल्कि दूध का डिब्बा है, जिसके अंदर किसी शरारती बच्चों ने तार और सेल डाल दिया थे डब्बे के अंदर से बारुद नहीं बल्कि मिट्टी निकली हैं।
जानकारी के अनुसार पाटन तहसील के वार्ड नंबर एक पर सडक निर्माण के चलते सुबह करीब 11 बजे जब मजदूर सड़क की खुदाई कर रहे थे, उसी दौरान एक मजदूर की गेती जमीन में डिब्बे से टकरा गई।जिसमें तार सहित अन्य सेल दिखा। मजदूरों ने इसे बम समझा। जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। लोगों की भीड़ जमा हो गई। जानकारी मिलते ही एसडीएम सहित तहसीलदार और पाटन थाने का स्टाफ मौके पर पहुंच गया। इसके बाद बम निरोधक दस्ता बुलाया गया। मामले की जांच-पड़ताल कराई गई। जिसके बाद पूरा मामला साफ हो गया। पाटन एसडीओपी लोकेश डाबर ने बताया कि खुदाई के दौरान बम मिलने की सूचना मिली थी लेकिन जब जांच पड़ताल कराई गई तो स्टील के डब्बे में वायर और सेल थे जिसे किसी शरारती बच्चे ने रख दिया था डिब्बे में मिट्टी भरी हुई थी। पाटन थाना प्रभारी नवल सिंह ने बताया कि स्टील के डिब्बे में बम नहीं था। डिब्बे में बारूद नहीं मिटटी भरी हुई थी। बम जैसी कोई बात सामने नहीं आई है।
