हैदराबाद, 16 जनवरी (वार्ता) विमानन कंपनी इंडिंगो ने गुरुवार को हैदराबाद और मदीना के बीच आगामी 20 फरवरी से शुरू होने वाली एक नयी सीधी सेवा शुरू करने की घोषणा की।
एयरलाइंस ने एक विज्ञप्ति में कहा कि यह नया मार्ग इंडिगो का 38वां अंतरराष्ट्रीय और 128वां समग्र गंतव्य है।
एयरलाइन हैदराबाद से 65 घरेलू और 15 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों को जोड़ने वाली 190 से अधिक दैनिक उड़ानें संचालित करती है। मदीना हज और उमरा करने वाले तीर्थयात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण गंतव्य है। यहां आने वाले तीर्थयात्रियों और अन्य यात्रियों के लिए सप्ताह में तीन बार चलने वाली यह सेवा सुविधाजनक और किफायती यात्रा विकल्प प्रदान करेगी।
इंडिगो में ग्लोबल सेल्स के प्रमुख विनय मल्होत्रा ने इस विकास के बारे में बात करते हुए कहा, “हैदराबाद-मदीना मार्ग का शुभारंभ हमारे नेटवर्क का विस्तार करने से कहीं अधिक है। यह धार्मिक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के लिए एक महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार खोलता है। सीधी उड़ानें शुरू करके मदीना, एक प्रमुख इस्लामी तीर्थ स्थल, के लिए हमारा लक्ष्य इस क्षेत्र के भीतर और बाहर यात्रा को आसान बनाना है। इस उड़ान के शुरू होने के साथ, इंडिगो अब भारत से सऊदी अरब के लिए 100 से अधिक साप्ताहिक उड़ानें संचालित करेगा।”
दक्षिणी भारत का एक जीवंत महानगर हैदराबाद अपने समृद्ध इतिहास, स्वादिष्ट भोजन और संपन्न प्रौद्योगिकी उद्योग के लिए प्रसिद्ध है। अपने ऐतिहासिक महत्व के अलावा, हैदराबाद वाणिज्य, शिक्षा और सूचना प्रौद्योगिकी का भी एक प्रमुख केंद्र है, जो भारत की आर्थिक वृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान देता है।
मदीना अत्यधिक आध्यात्मिक महत्व रखता है और पैगंबर की मस्जिद, अल-मस्जिद-ए-नबावी का घर है, जिसमें पैगंबर मुहम्मद की कब्र है। अपने धार्मिक महत्व के अलावा, मदीना इस्लाम के समृद्ध इतिहास और संस्कृति की झलक भी प्रदान करता है, जिसमें कई ऐतिहासिक स्थल और संग्रहालय हैं जो शहर की विरासत को प्रदर्शित करते हैं।
