आयुष्मान भारत योजना के हितग्राहियों को सुगम तरीके से हितलाभ करें सुनिश्चित: शुक्ल

भोपाल, 15 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने निर्देश दिए हैं कि आयुष्मान भारत योजना के हितग्राहियों को सुगम तरीके से हितलाभ सुनिश्चित किया जाये। उन्हें अनावश्यक तकलीफ़ों का सामना न करना पड़े।

श्री शुक्ल ने उप स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के उन्नयन और सशक्तीकरण कार्यों की समीक्षा की और समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयुष्मान योजना नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करती है और यह एक वरदान है। इसके विधिवत् क्रियान्वयन के लिए सतत निगरानी रखें।

उप मुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत योजना के क्रियान्वयन की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। सीईओ आयुष्मान भारत योजना और संचालक (प्रोजेक्ट) स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग डॉ. योगेश भरसट ने उप मुख्यमंत्री को अद्यतन स्थिति से अवगत कराया।

उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश में अब तक 4 करोड़ 20 लाख हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं और 38 लाख से अधिक उपचार सेवाओं से हितग्राही लाभान्वित हुए हैं। वहीं, 70 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड (वयवंदना कार्ड) की प्रगति में मध्यप्रदेश शीर्ष पर है। अब तक मध्यप्रदेश में 12,11,527 वयवंदना कार्ड वितरित किए गए हैं। उज्जैन जिले में 68,573, इंदौर में 65,505, बालाघाट में 50,405, राजगढ़ में 44,560 और छिंदवाड़ा में 41,687 कार्ड वितरित किए गए हैं।

 

Next Post

कनिष्ठ अभियंता, क्लर्क रिश्वत लेते पकड़ाए

Wed Jan 15 , 2025
जबलपुर। विद्युत विभाग उमरानाला छिंदवाड़ा में जबलपुर लोकायुक्त ने बुधवार को दबिश देते हुए कार्यालय कनिष्ठ अभियंता समेत क्लर्क को 6 हजार रूपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों धरदबोचा। अचानक हुई कार्यवाही से हडक़ंप मच गया। पकड़े गए रिश्वतखोरों के खिलाफ लोकायुक्त ने भ्रष्टाचार का मामला दर्ज कर लिया […]

You May Like