
सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की तलाश
भोपाल, 15 जनवरी. शाहजहांनाबाद पुलिस ने एक किसान की रिपोर्ट पर अज्ञात तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है. आरोपियों ने नकली सोने को असली बताकर किसान को दिया और उनसे 4.50 लाख रुपए ठग लिए. चैक कराने के बाद जब सोना नकली निकला तो फरियादी ने थाने जाकर शिकायत की. पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही है. पुलिस के मुताबिक वार्ड क्रमांक एक सीहोर में रहने वाले रामभजन (62) खेती किसानी करते हैं. करीब दो महीने पहले वह अपनी पत्नी के दांत का इलाज करवाने के बस में बैठकर भोपाल आ रहे थे. इस दौरान सामने वाली सीट पर बैठे मोहन नामक युवक से उनकी पहचान हुई थी. मोहन ने खुद को राजस्थान का रहने वाला बताया था. उसने यह भी जानकारी दी थी कि वह और उसका परिवार एक ठेकेदार के पास खेत पर काम करता. इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे के मोबाइल नंबर भी लिए थे. पिछले महीने मोहन ने रामभजन को फोन कर बताया कि जमीन की खुदाई में उसे सोने के जेवरात मिले हैं, जिन्हें वह बेचना चाहता है. लाखों रुपये कीमत के यह जेवरात वह मात्र 10 लाख रुपए में दे देगा. चैक कराने पर निकले थे असली बातचीत होने के बाद रामभजन भोपाल आए, जहां बैरागढ़ स्थित डिस्पेंशरी के पास मोहन से उनकी मुलाकात हुई. उसके साथ एक युवक और एक महिला भी थी. मोहन ने जेवरात से दो लड़ी तोड़कर रामभजन को चैक कराने के लिए दी थी. उन्होंने बैरागढ़ और सीहोर जाकर उसे चैक करवाया तो वह असली सोना निकला. उसके बाद मोहन लगातार उन्हें फोन करके जेवरात लेने की बात करने लगा. रामभजन ने अपने परिवार और नाते-रिश्तेदारों से रुपयों की व्यवस्था की और साढ़े चार लाख रुपए लेकर भोपाल पहुंचे. बीती तीस दिसंबर को मोहन और उसके दो अन्य साथी ताजुल मसाजिद के पास मिले. यहां उन्होंने रामभजन से साढ़े चार लाख रुपये लिए और सोने के जेवरात (चैन) उन्हें दे दी. घर जाकर रामभजन ने उसे चैक करवाया तो वह पीतल की निकली, जिस पर सोने के कलर का पानी चढ़ाया गया था. बाद में उन्होंने थाने जाकर शिकायत की. जांच के दौरान पुलिस बैरागढ़ डिस्पेंशरी के पास लगे एक कैमरे का फुटेज मिला, जिसमें आरोपी दिखाई दिए हैं. इसी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है.
