भाजपा ने दिल्ली में रोहिंग्या को बसाया: आप

नयी दिल्ली, 13 जनवरी (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर पार्टी को बदनाम करने की साज़िश रचने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने रोहिंग्या को दिल्ली के बक्करवाला में बसाया है।

आप के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने आज कहा कि पूरे देश में भाजपा के लोगों ने बंगलादेशियों को बसाने का काम किया है। पूरे देश के अंदर 10 साल, 8 महीने से लगातार भाजपा ने सिर्फ अपने चुनावी फायदे के लिए सीमा की सुरक्षा को तार-तार करके बंगलादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्या को बसाने का काम किया है।

श्री सिंह ने कहा , “भाजपा ने भारत माता को धोखा दिया है। राष्ट्र के साथ गद्दारी की है। प्रधानमंत्री मोदी से पूछना चाहता हूं कि आज जो राज्य बांग्लादेश की सीमा पर लगते हैं, उन राज्यों की सीमा की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है? रोहिंग्या दिल्ली कैसे आ गया? आपने 10 साल 8 महीने में कितने बांग्लादेशी घुसपैठियों को देश से वापस बांग्लादेश भेजा?”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने अपने दोस्त अडानी को बंगलादेश में हजारों करोड़ों का बिजली का ठेका दिलवाने के लिए भारत माता की सुरक्षा के साथ समझौता करने का काम किया है। भाजपा के लोगों ने बंगलादेशी घुसपैठियों के लिए सीमा खोलने का काम किया है। प्रधानमंत्री देश की बिजली चोरी करके उन बंगलादेशियों का घर रौशन कर रहे हैं, जो हिंदुओं के ऊपर अत्याचार कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने 17 अगस्त 2022 को ट्वीट कर बताया था कि बक्करवाला ईडब्ल्यूएस कॉलोनी में बांग्लादेशियों और रोहिंग्या को बसा रहे हैं। हरदीप पुरी से पूछताछ होनी चाहिए कि उन्होंने बांग्लादेशियों को कहां-कहां बसाया है।

श्री सिंह ने कहा कि भाजपा हिंदुस्तान की ऐसी पार्टी है जो अपने पाप के ऊपर डिस्को डांस करती है। भाजपा खुद पाप करती है, देश के साथ गद्दारी करती है और सवाल दूसरों से पूछती है।

Next Post

प्रयागराज महाकुम्भ का प्रथम अमृत स्नान सबके लिए मंगलमय हो: यादव

Mon Jan 13 , 2025
भोपाल, 13 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पौष पूर्णिमा के पावन अवसर पर तीर्थराज प्रयागराज की पुण्य भूमि पर विश्व के सबसे विशाल समागम ‘महाकुम्भ’ के शुभारंभ और कुम्भ में पधारे समस्त श्रद्धालुओं को प्रथम अमृत स्नान की मंगलमय शुभकामनाएं दी हैं। डॉ. यादव ने कहा […]

You May Like