उप मुख्यमंत्री ने ली विभागीय अधिकारियों की बैठक, जिला अस्पताल के लिए देखी साईट

सतना/प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने गुरूवार को मैहर जिले के प्रवास के दौरान सर्किट हाउस में विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर मैहर जिले में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। भ्रमण के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने गोला मठ मंदिर के पीछे न्यू अरकंडी में जिला अस्पताल के निर्माण कार्य के लिए प्रस्तावित जमीन का निरीक्षण किया। श्री शुक्ल ने कहा मैहर जिला अस्पताल के साथ-साथ अस्पताल की कालोनी भी बनाई जाएगी एवं जिला अस्पताल में सभी प्रकार की सर्वसुविधायुक्त होगा। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला अस्पताल का निर्माण कार्य प्रारंभ होने से पूर्व यहां बने कचरा डंप यार्ड को मैहर-अमरपाटन की ओर उपयुक्त स्थल पर शिफ्ट किया जायेगा। उप मुख्यमंत्री ने मौके पर कचरा उठाने वाले ठेकेदार से फोन पर संपर्क करते हुए मैहर में पुनः कचरा उठाने का कार्य शुरू करने और बकाया राशि का भुगतान नगर पालिका से प्राप्त करने के निर्देश दिए। इस मौके पर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, कलेक्टर रानी बाटड़, पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल एसडीएम विकास सिंह, आरती सिंह सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

*उप मुख्यमंत्री ने सिविल अस्पताल अमरपाटन का भी किया निरीक्षण*

उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कटनी से लौटते हुए जिला मैहर के सिविल हास्पीटल अमरपाटन का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वार्डों में जाकर चिकित्सा सुविधाओं एवं उपचार सेवाओं का जायजा भी लिया। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल के भ्रमण के दौरान स्थानीय प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिकों ने सिविल हास्पीटल अमरपाटन के तीन मंजिला भवन होने के फलस्वरूप मरीजों की सुविधाओं के लिए लिफ्ट सुविधा की मांग की। इसी प्रकार अस्पताल में पावर बैंकअप के लिए 200 किलोवाट का जनरेटर और डॉक्टरों के निवास के लिए क्वार्टर भी बनाने की आवश्यकता जताई। सिविल अस्पताल में रेडियोलॉजी और एनेस्थिसिया के डॉक्टरों की पदस्थापना करने की मांग भी की गई। उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने बताया कि सिविल हास्पीटल अमरपाटन में अतिशीघ्र पोस्टमार्टम कक्ष का निर्माण और ब्लड स्टोरेज को सुरक्षित रखने यूनिट के लिए फ्रिज की व्यवस्था की जायेगी। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एलके तिवारी भी उपस्थित रहे।

Next Post

खरीदी केन्द्र में कलेक्टर ने सामने खड़े होकर करवाई तुलाई

Thu Jan 9 , 2025
नवभारत न्यूज मऊगंज, 9 जनवरी, मऊगंज जिले में अभी धान की खरीदी समर्थन मूल्य पर चल रही है. जहा लगातार अव्यवस्थाओं की शिकायत मिलने पर औचक निरीक्षण करने कलेक्टर पहुंचे. दरअसल कई खरीदी केन्द्रो में बारदाना न होने के कारण खरीदी प्रभावित हो रही है, साथ ही उठाव भी समय […]

You May Like