नयी दिल्ली, 05 जनवरी, (वार्ता) केंद्रीय युवा मामले एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने आज गुजरात के पोरबंदर में अपने निर्वाचन क्षेत्र उपलेटा में ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ की पहल की अगुवाई की।
‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ के तीसरे सप्ताह आयोजित कार्यक्रम में रविवार को 150 से अधिक सवारों ने डॉ. मांडविया का अनुसरण करते हुए म्यूनिसिपल आर्ट्स एंड कॉमर्स कॉलेज से उपलेटा में तालुका स्कूल क्रिकेट ग्राउंड तक पांच किलोमीटर की साइकिलिंग दूरी तय की।
इस दौरान डा. मांडविया ने कहा, “साइकिल चलाना प्रदूषण का समाधान है। यह एक स्वास्थ्य मंत्र है। सभी को साइकिल चलाना चाहिए क्योंकि यह फिट रहने के लिए फायदेमंद है। आप एक समूह बना सकते हैं और साथ में साइकिल चला सकते हैं। मैं सभी को फिट इंडिया वेबसाइट और ऐप पर पंजीकरण करने और हमारे माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण का पालन करते हुए संडे ऑन साइकिल अभियान का हिस्सा बनने का सुझाव दूंगा। कृपया खुद को उपलेटा साइकिलिंग क्लब के रूप में पंजीकृत करें। जब मैं उपलेटा में रहूंगा तो मैं भी आपके साथ साइकिल चलाऊंगा।”
