
नवभारत न्यूज
रीवा, 5 जनवरी, केन्द्रीय जेल का औचक निरीक्षण करने जेल महानिदेशक जी.पी सिंह पहुंचे. जेल के सभी कार्यालय, बंदी वार्ड, अस्पताल का निरीक्षण कर सुविधाओ एवं जेल की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. सुरक्षा के दृष्टि से लगाए गए सीसीटीवी कैमरे, इलेक्ट्रिक वायर फैसिंग का अवलोकन किया. साथ ही सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही न करने के निर्देश दिये. निरीक्षक के दौरान जेल महानिदेशक ने बंदियो की उपचार व्यवस्था को लेकर पूंछताछ की एवं कई बंदियो से चर्चा कर उनकी समस्याओ को जाना. पाठशाला का भ्रमण कर रसोई में पहुंचे जहा बंदियों के लिये तैयार हो रहे भोजन का परीक्षण किया. इस दौरान उन्होने स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता में किसी तरह का समझौता न करने का निर्देश दिया और कहा कि सफाई पर विशेष ध्यान दें. कुछ कमियां पाई गई जिसके सुधार के लिये निर्देशित किया. जेल के पृथक सेक्टर में चल रहे अतिरिक्त बैरक निर्माण का भी निरीक्षण किया और किसी भी तरह की आपात स्थित से निपटने के लिये सभी जेल स्टाफ को प्रशिक्षित करने के लिये निर्देशित किया. इतना ही नही जेल के अंदर चल रहे प्रिंटिंग प्रेस के अवलोकन के दौरान एक नवीन आफसेट मशीन लगाने के लिये भी कहा. औचक निरीक्षण के दौरान जेल महानिदेशक के साथ जेल अधीक्षक सतीष कुमार उपाध्याय, संजीव कुमार गेंदले उप जेल अधीक्षक एवं श्याम सिंह कुशवाह सहायक जेल अधीक्षक आदि मौजूद रहे.
