
आईआईटी इंदौर के छात्रावास में मिली छात्र की लाश, पुलिस कर रही मामले की जांच
इंदौर: सिमरोल थाना क्षेत्र स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) इंदौर के परिसर में एक फर्स्ट ईयर के छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना विक्रम साराभाई छात्रावास के कमरे में हुई, जहां छात्र रोहित सिंह (तेलंगाना निवासी) का शव पंखे से लटका मिला।
पुलिस के अनुसार, घटना का पता तब चला जब उसके साथी छात्र रात में खाना खाने के लिए उसे बुलाने पहुंचे। कई घंटों से कमरे का दरवाजा बंद था, और दरवाजा खोलने पर रोहित का शव पंखे से लटका हुआ पाया गया। छात्रों ने तुरंत आईआईटी प्रशासन और सिमरोल थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल, इंदौर भेज दिया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि रोहित ऑनलाइन बेटिंग का आदी हो चुका था। उसने बड़ी रकम हारने के कारण मानसिक दबाव में यह कदम उठाया हो सकता है।
पुलिस कर रही है जांच
सिमरोल थाना के उप निरीक्षक रायमल सिंह कनवासिया ने बताया कि आत्महत्या के पीछे ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े आर्थिक नुकसान का शक है। हालांकि, अन्य संभावित कारणों की जांच भी की जा रही है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है, और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
