यादव करेंगे 31वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का शुभारंभ

भोपाल, 02 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भोपाल में 31वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का शुभारंभ करेंगे। 31वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का 4 दिवसीय आयोजन 3 से 6 जनवरी तक होगा।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार भारत के विभिन्न राज्यों के 700 से अधिक बाल वैज्ञानिक, शिक्षक और मेंटर्स इस आयोजन में भाग लेंगे। साथ ही बहरीन, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), कुवैत, ओमान और सऊदी अरब जैसे ग़ल्फ़ देशों के बाल वैज्ञानिक भी अपनी प्रस्तुतियों के साथ शामिल होंगे।

इस वर्ष राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का मुख्य विषय ‘स्वास्थ्य और कल्याण के लिए पारिस्थितिकी तंत्र को समझना’ है। यह कार्यक्रम बच्चों में वैज्ञानिक सोच को विकसित करने और उन्हें समाज की समस्याओं के समाधान में नवाचार का उपयोग करने के लिए प्रेरित करेगा। कार्यक्रम के दौरान कई आकर्षक गतिविधियां और प्रदर्शनियां आयोजित होंगी, जिनमें चंद्रयान मिशन प्रदर्शनी, वॉटर रॉकेटरी, रोबोटिक्स, हाईड्रोपोनिक्स, पर्यावरण साँप-सीढ़ी, चीता संरक्षण प्रदर्शनी और वैज्ञानिक जागरूकता पर आधारित लोकगीत शामिल हैं।

देश के प्रमुख वैज्ञानिक जैसे डॉ चेतन सोलंकी (आईआईटी मुंबई), डॉ. नंद कुमार (एआईआईएमएस दिल्ली) और डॉ. चैतन्य पूरी (आईआईएसईआर पुणे) छात्रों के साथ संवाद करेंगे।

मुख्यमंत्री वराह मिहिर खगोलीय वेधशाला के ऑटोमेशन का उद्घाटन भी करेंगे। इस पहल से आम नागरिक घर बैठे खगोलीय अध्ययन कर सकेंगे, जो मध्यप्रदेश को खगोल विज्ञान के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा। इसमें दो बच्चों का एक समूह मार्गदर्शक शिक्षक के साथ किसी स्थानीय समस्या का चयन करता है और वैज्ञानिक प्रक्रिया के माध्यम से उसका समाधान प्रस्तुत करता है।

यह प्रक्रिया गहन अवलोकन, प्रश्न उठाने, मॉडल बनाने और प्रयोग के माध्यम से समाधान खोजने पर आधारित होती है। बाल विज्ञान कांग्रेस बच्चों में जिज्ञासा और खोज की भावना को प्रोत्साहित करती है, साथ ही उन्हें वैज्ञानिक दृष्टिकोण से सोचने और समाज के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित करती है। यह कार्यक्रम उनकी कल्पना को साकार करने और उनकी रचनात्मकता को नए आयाम देने का एक उत्कृष्ट मंच है।

 

Next Post

नजमुल हुसैन शांतो ने टी-20 टीम की कप्तानी छोड़ी

Thu Jan 2 , 2025
ढ़ाका 02 जनवरी (वार्ता) नजमुल हुसैन शांतो ने बंगलादेश की टी-20 टीम के कप्तान के पद से इस्तीफा दे दिया है। बंगलादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष फारुक अहमद ने गुरुवार को एक स्थानीय समाचार पत्र को बताया कि शांतो ने बोर्ड को अपने फैसले की जानकारी दे दी है, […]

You May Like

मनोरंजन