जबलपुर: रांझी थाना क्षेत्र में देर रात टहलते हुए गाना सुनते घर जा रहे एक युवक से झपट्टा मारकर मोबाइल लूट लिया गया। वारदात को अंजाम देने वाले दो अज्ञात बदमाश काले रंग का रेनकोट पहने हुए थे।पुलिस के मुताबिक बापू नगर निवासी मार्सल विलियम एंथोनी (29) दर्शन तिराहा से पैदल टहलते हुए अपने घर की तरफ जा रहा था। रास्ते में वह अपने मोबाइल पर गाने सुन रहा था।
जैसे ही वह इंडियन कॉफी हाउस के पास पहुंचा, तभी अचानक बाइक से आए दो अज्ञात लड़कों ने उस पर धावा बोल दिया। दोनों बदमाश काले रंग का रेनकोट पहने हुए थे, जिन्होंने पलक झपकते ही मार्सल के हाथ से मोबाइल छीना और रफूचक्कर हो गए। लूटे गए मोबाइल की कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास के रूट और इंडियन कॉफी हाउस के पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि रेनकोट धारी बदमाशों का सुराग लगाया जा सके।
