- पत्थरबाजी, भांजी लाठियां-डंडे, कोनीकला पुलिस छावनी में तब्दील
जबलपुर। पाटन थाना अंतर्गत कोनीकला में दो पक्ष आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए और एक दूसरे पर हमला बोल दिया। इस दौरान दोनों पक्षों ने पत्थरबाजी के साथ लाठी- डंडों से हमला किया। जिसमें दोनों पक्षों के करीब 25 लोग चोटिल हुए। सूचना मिलते ही एसडीओपी पाटन, थाना प्रभारी समेत भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंंच गया और आक्रोशितजनों को समझाइश देते हुए उन्हें तितर-बितर किया इसके बाद घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ काउंटर केस दर्ज कर लिया हैं।
ऐसे शुरू हुआ विवाद
एसडीओपी लोकेश डाबर ने बताया कि शनिवार को सुबह राज चौधरी बस्ती की किराना दुकान में सामान ले रहा था जहां बर्मन समाज के युवकों से उसका विवाद हो गया। जिसक बाद दोनों समाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए ओर एक दूसरे के साथ मारपीट कर दी इस दौरान ईटों से एक दूसरे पर भी हमला किया गया हैं। लाठी-डंडों के साथ-साथ पथराव होने से दोनों पक्षों के 24 से 25 लोग घायल हुए है। दो पक्षों में काफी समय से पुराना विवाद भी चल रहा है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है।
पुलिस पार्टी को घेरा, फोर्स ने खदेड़ा
सूचना मिलते अधिकारियों के साथ पुलिस फोर्स पहुंचा तो ग्रामीण पुलिस से भी उलझ गए और घेर लिया। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। जिसके बाद आसपास के थानों का फोर्स भी स्थिति को कंट्रोल करने पहुंच गया। जिसके बाद भीड़ को खदेड़ा गया इसके बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
ऐहतियातन बल तैनात
कोनी गांव में बर्मन और चौधरी समाज के लोगों के बीच पुराना विवाद भी है जिसके चलते दोनों पक्ष एक दूसरे से रंजिश भी रहते है। पुन: विवाद न हो इसलिए ऐहतियातन गांव में पुलिस फोर्स की तैनाती कर दी गई हैं।