धनतेरस पर शर्मा ने प्रदेश कार्यालय में किया पूजन

भोपाल, 29 अक्टूबर (वार्ता) मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने आज यहां प्रदेश कार्यालय में धनतेरस पूजन किया। इस अवसर पर मीडिया से चर्चा करते हुए श्री शर्मा ने प्रदेश के नागरिकों, पार्टी कार्यकर्ताओं को धनतेरस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
श्री शर्मा ने कहा कि धरतेरस से दीपावली पर्व की शुरुआत हो गई है और आज हम सभी ने प्रदेश कार्यालय में धनतेरस का पूजन किया है। साथ ही यह कामना की है कि धनतेरस का पर्व प्रदेश की जनता, भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं के जीवन में सुख, समृद्धि और वैभव लेकर आए। धनतेरस का पर्व प्रदेश में संपन्नता लेकर आए और प्रदेशवासियों पर माता लक्ष्मी तथा भगवान धन्वंतरि का आशीर्वाद बना रहे।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज देश और प्रदेश में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और आमजन ने भाग लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर रन फॉर यूनिटी का आयोजन सरदार वल्लभभाई पटेल की जन्म जयंती 31 अक्टूबर पर किया जाता है, लेकिन इस बार 31 अक्टूबर को दीपावली त्यौहर है, इसलिए रन फॉर यूनिटी का आयोजन 29 अक्टूबर को किया गया। श्री शर्मा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अलग-अलग रियासतों में बंटे इस देश को एकसूत्र में बांधा था और इसीलिए उन्हें लौहपुरुष कहा जाता है। श्री शर्मा ने कहा कि जिस तरह से सरदार पटेल ने देश को एकता के सूत्र में बांधा था, उसी तरह प्रधानमंत्री श्री मोदी ने भी कश्मीर से धारा 370 हटाकर उसे देश की मुख्यधारा में शामिल किया है।
श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी भी सरदार वल्लभ भाई पटेल के रास्ते पर चलते हुए देश को एक सूत्र में बांध रहे हैं। भाजपा प्रदेश कार्यालय में पूजन उपरांत श्री शर्मा ने पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ पटाखे चलाए एवं आतिशबाजी की। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता माखन सिंह, वरिष्ठ नेता शैलेंद्र शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष सीमा सिंह जादौन, पार्टी के प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष दर्शन सिंह चौधरी, प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ राघवेन्द्र शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

Next Post

सिकन्दराबाद-गोरखपुर-सिकन्दराबाद के मध्य स्पेशल ट्रेन का संचालन

Tue Oct 29 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email भोपाल, 29 अक्टूबर (वार्ता) रेलवे ने सिकन्दराबाद और गोरखपुर के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह गाड़ी पश्चिम मध्य रेलवे (पमरे) के भोपाल रेल मंडल के इटारसी, भोपाल और बीना स्टेशनों पर ठहराव लेकर […]

You May Like

मनोरंजन