
भोपाल, 15 अक्टूबर (वार्ता) मध्यप्रदेश के दो विधानसभा क्षेत्रों बुधनी और विजयपुर में उपचुनाव के तहत 13 नवंबर को मतदान होगा, जिसके बाद 23 नवंबर को मतों की गणना होगी।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने आज नयी दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन में इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने इसके साथ ही महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की।
श्री कुमार ने बताया कि पन्द्रह राज्यों की 47 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव 13 नवम्बर को होगा। इसमें मध्यप्रदेश की दो विधानसभा सीटें सीहोर जिले की बुधनी और श्योपुर जिले की विजयपुर भी शामिल है। दोनों सीटों पर मतों की गणना 23 नवंबर को की जाएगी।
बुधनी से अब तक राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विधायक थे। उनके लोकसभा चुनाव में विदिशा संसदीय क्षेत्र से सांसद चुने जाने के कारण बुधनी विधानसभा में उपचुनाव होना है। यहां से पूर्व सांसद रमाकांत भार्गव और श्री चौहान के पुत्र कार्तिकेय सिंह चौहान का नाम प्रमुखता से चर्चाओं में बना हुआ है।
वहीं विजयपुर विधानसभा से पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रामनिवास रावत विधायक चुने गए थे। लोकसभा चुनाव के दौरान श्री रावत कांग्रेस से त्यागपत्र देकर भाजपा में शामिल हो गए और डॉ यादव सरकार में उन्हें मंत्री बनाया गया। उनके विधानसभा से त्यागपत्र दिए जाने के कारण यहां उपचुनाव हो रहा है।