कांग्रेस पार्टी ने ओबीसी समाज के साथ दशकों तक किया छलावा-कृष्णा

जयपुर, 09 सितंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और मध्यप्रदेश की पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने कांग्रेस पर ओबीसी समाज के साथ दशकों तक छलावा करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि उसने षड़यंत्रपूर्वक ओबीसी समाज को मुख्यधारा से अलग करने का काम किया जबकि भाजपा इस वर्ग के कल्याण के लिए सदैव तत्पर रही हैं।

श्रीमती गौर सोमवार को यहां भाजपा के सदस्यता अभियान में मोर्चे के योगदान को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में एक सवाल के जवाब में यह बात कही। उन्होंने “चलो चले ओबीसी के साथ, ओबीसी चले भाजपा के साथ” का नारा देते हुए कहा कि काका कालेकर की रिपोर्ट या मंडल कमीशन की रिपोर्ट को दबाने का मामला हो या फिर आयोग को संवैधानिक मान्यता देने का मामला, कांग्रेस पार्टी ने सदैव ओबीसी वर्ग के साथ अन्याय किया। कांग्रेस की नीतियों के चलते ओबीसी समाज की स्थिति दयनीय हुई लेकिन आज देश में ओबीसी समाज भाजपा की विचारधारा के साथ जुड़ रहा है। भाजपा बाबा साहब भीमराव अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान में निष्ठा रखती है और संविधान के अनुसार कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि देश में भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया से कार्य करती है जबकि अन्य पार्टियां या तो परिवारवादी, या जातिवादी पार्टियां या फिर व्यक्ति विशेष आधारित पार्टी है जबकि भाजपा राष्ट्रवादी पार्टी है। भाजपा में हर वर्ग के साथ हर समाज का समावेश मिलेगा। विचारधारा आधारित पार्टी भाजपा में सर्व व्यापी, सर्व स्पर्शी और सर्व समावेशी नीति पर कार्य किया जा रहा है। भाजपा का सदस्यता अभियान भी इसी नीति पर चलाया जा रहा है। जहां समाज के सभी वर्गों से संपर्क किया जा रहा है और सभी समाजों के लोगों को भाजपा परिवार में शामिल किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अभियान के तहत पार्टी ने देश में दस करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है और राजस्थान में सवा करोड़ सदस्य बनाये जायेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा का ओबीसी मोर्चा सदस्यता अभियान में प्रदेश के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में बढ़चढ़ कर योगदान देगा। ओबीसी मोर्चा प्रदेशभर में घर-घर जाकर भाजपा सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के साथ भाजपा की रीति और नीति से अवगत कराते हुए लोगों को पार्टी की सदस्यता ग्रहण करायेगा।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सदस्यता अभियान के सह संयोजक मोतीलाल मीणा, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष चंपालाल गेदर, मोर्चा में प्रदेश सह प्रभारी संजीव सोनी, मोर्चा के महामंत्री महेंद्र सिंह पंवार और भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक प्रमोद वशिष्ठ भी मौजूद थे।

Next Post

आप के विरोध के बाद शोध अनुदान को जीएसटी के दायरे से बाहर करने के लिए राज़ी हुई सरकार : आतिशी

Mon Sep 9 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email नयी दिल्ली, 09 सितंबर (वार्ता) दिल्ली की वित्त मंत्री आतिशी ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी और पंजाब सरकार के वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) परिषद में विरोध के बाद केंद्र सरकार ने शोध अनुदान को जीएसटी के […]

You May Like