नयी दिल्ली 05 सितम्बर (वार्ता) भारत यात्रा पर आये संयुक्त अरब अमीरात के संसदीय शिष्टमंडल ने गुरुवार को संसद भवन परिसर में लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला के साथ बैठक की जिसमें श्री बिरला ने कहा कि अबूधाबी का स्वामि नारायण मंदिर भारत और संयुक्त अरब अमीरात के मजबूत सांस्कृतिक संबंधों का प्रमाण है।
संयुक्त अरब अमीरात के शिष्टमंडल का नेतृत्व रक्षा, आंतरिक और विदेशी मामलों की समिति के प्रमुख डॉ अली राशिद अल नुआइमी कर रहे हैं।
श्री बिरला ने इस मौके भारत और भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच सदियों पुरानी सभ्यतागत एवं सांस्कृतिक साझेदारी के इतिहास को उद्धृत करते हुये कहा कि आजादी के बाद से ही दोनों देशों के बीच आम जन के संपर्क में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।परिणामस्वरूप, बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक संयुक्त अरब अमीरात में रहते हैं और वहां की प्रगति में अपना योगदान दे रहे हैं ।
उन्होंने दोनों देशों के नागरिकों के बीच पारस्परिक समझ तथा साझेदारी और लोगों के बीच संपर्क को और अधिक बढ़ाने की आवश्यकता पर ज़ोर दिया। उन्होंने भारत में प्रौद्योगिकी , नवाचार और निवेश की प्रबल संभावनाओं की चर्चा करते हुये कहा कि सामूहिक प्रयासों के कारण आज भारत विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। उन्होंने वर्ष 2022 में अपनी संयुक्त अरब अमीरात की यात्रा का उल्लेख करते हुये यह विचार व्यक्त किया कि संसदों के बीच नियमित चर्चा संवाद से दोनों देशों के बीच अच्छी समझ विकसित हुई है। उन्होंने वैश्विक और क्षेत्रीय विषयों पर दोनों देशों के बीच आपसी सहमति को दोनों देशों के मजबूत संबंधों का आधार बताया। उन्होंने दोनों देशों में संसदीय शिष्टमंडलों के नियमित रूप से आदान-प्रदान को द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिये आवश्यक बताया।
श्री बिरला ने कहा कि भारत और संयुक्त अरब अमीरात प्रौद्योगिकी के माध्यम से अपने देशों के विकास और समृद्धि को सुनिश्चित कर रहे हैं। इस सन्दर्भ में उन्होंने सुझाव दिया कि आपसी संवाद से दोनों देशों की संसदें अपनी उपलब्धियों, बेहतर प्रथायें और नवाचार को आपस में साझा कर सकते हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि दोनों देशों की संसदों की समितियों के बीच नियमित चर्चा संवाद की परंपरा स्थापित होनी चाहिये, ताकि दोनों देश एक दूसरे के अनुभवों से सीख सकें।
उन्होंने भारत की ‘विश्व् बंधुत्व’ की भावना पर प्रकाश डालते हुये कहा कि भारत प्रगति के परस्पर लाभकारी रूप को महत्व देता हैं। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि दोनों देश सांस्कृतिक और व्यापारिक आदान-प्रदान की परंपरा को नयी ऊंचाइयां प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच पर्यटन को और बढ़ावा मिले।
श्री बिरला ने संयुक्त अरब अमीरात में भारतीय समुदाय का उल्लेख करते हुये प्रसन्नता व्यक्त की कि संयुक्त अरब अमीरात की सरकार द्वारा स्वामी नारायण मंदिर के निर्माण को सुलभ कराया गया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि को मजबूत सांस्कृतिक संबंधों का प्रमाण है।
इस अवसर पर महामहिम अल नुआइमी ने दोनों देशों के बीच भाईचारे की भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच सदियों पुराने ऐतिहासिक संबंध हैं।
उन्होंने आम जन के बीच लोगों के संपर्क पर जोर देते हुये कहा कि दोनों देशों को अपने द्विपक्षीय संबंधों को अगले स्तर पर ले जाने के लिये प्रयास करना चाहिये। उन्होंने विकास और समृद्धि की ओर ले जाने वाले व्यापार, प्रौद्योगिकी और सांस्कृतिक संपर्कों के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता के लिये दोनों देशों के दूरदर्शी नेतृत्व की भी सराहना की।