लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए आखिरी सांस तक लड़ेंगे: खड़गे

नयी दिल्ली, 31 मार्च (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विपक्ष को रोकने की हर नाजायज कोशिश कर रहे हैं और लोकतंत्र तथा संविधान बचाने के लिए अंतिम सांस तक संघर्ष किया जाएगा।

श्री खड़गे ने यहां ऐतिहासिक रामलीला मैदान में विपक्षी दलों के इंडिया समूह की लोकतंत्र बचाओ महारैली को संबोधित करते हुए कहा कि ये मंच विविधता में एकता का प्रतीक है। रामलीला मैदान में इंडिया इकट्ठा है।

उन्होंने आरोप लगाया है कि विपक्ष को इकट्ठा होने से रोकने के लिए श्री मोदी ने हर नाजायज कोशिश की है।पहले झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने का दबाव बनाया। जब वह नहीं माने तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस बीच झारखंड और हिमाचल सरकार गिराने की कोशिश भी हुई। इस सब के बाद, कांग्रेस पार्टी के कुल 12 खाते फ्रीज किये गये। नोटिस पर नोटिस भेजे जा रहे हैं।

श्री खड़गे ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की आत्मा है। सभी राजनीतिक दलों के लिए समान अवसरों का होना सबसे ज़रूरी है। इंडिया समूह इन चुनावों में देश के बुनियादी सवालों को उठाता रहेगा।श्री मोदी के 10 साल के काले कारनामों का हिसाब इन चुनावों में होगा। उन्होंने कहा, “लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए आखिरी सांस तक लड़ेंगे।”

श्री खड़गे ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय,(ईडी) आयकर विभाग और केंद्रीय जांच ब्यूरो(सीबीआई) वर्षों तक शांत बैठे रहते हैं‌ और विधानसभा या लोकसभा के चुनावो में ये राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी बन जाते हैं। ये संस्था केवल विपक्षी नेताओं पर बदले की भावना से काम कर रही हैं। विपक्ष की सरकारें गिराने में इनकी सबसे महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि सत्तारूढ़ दल के गुनहगारों और दूसरी पार्टी से भाजपा में जाने वालों की फाइलों बंद कर दी जाती हैं।श्री खड़गे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के 14 लाख रुपए के नकद जमा पर 135 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया जाता है जबकि भाजपा के 42 करोड़ रुपए के जमा पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती। उन्होंने कहा कि 42 करोड़ रुपए के हिसाब भाजपा पर 4600 करोड़ का जुर्माना लगना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस बीच चुनावी बॉन्ड घोटाले में भाजपा द्वारा करीब 8,250 करोड़ रुपए की वसूली का मामला सामने आया है और श्री मोदी के इस घोटाले की खबर दबाने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की गयी।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अब तक के सबसे बड़े चुनावी चंदा घोटाले के खुलासे के बाद भाजपा की हकीकत पूरी दुनिया के सामने है। भाजपा ने धमकी देकर, ईडी और सीबीआई से डरा कर धन इकट्ठा किया है। भाजपा ने जिनसे चंदा लिया है उनको हज़ारों करोड़ों रुपए की परियोजना दी गयी है। उन्होंने कहा, “इसे लूट, डकैती या हफ्ता वसूली नहीं तो क्या कहें।”

श्री खड़गे ने आरोप लगाया कि जिस योजना को भाजपा पारदर्शिता के नाम पर लाती है, वह घोटाला निकल जाती है । चुनावी बाँड और प्रधानमंत्री केयर फंड तक को घोटाला बना दिया गया। उन्होंने कहा कि कैग ने मोदी सरकार के कई विभागों में काफी बड़े घोटाले उजागर किए हैं। इनमें न तो कोई पकड़ा गया है और‌ न ही जांच हुई है।

Next Post

ममता ने प्रचार अभियान के दौरान लोगों से सीएए और एनआरसी के जाल में नहीं फंसने के लिए कहा

Sun Mar 31 , 2024
कृष्णानगर, 31 मार्च (वार्ता) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मध्य मार्च में घायल होने के बाद रविवार को पहली बार प्रचार अभियान में हिस्सा लिया और आगामी लोकसभा चुनावों में 400 से ज्यादा सीटें जीतने के दावे वाले पर भारतीय जनता पार्टी को आड़े हाथों लिया। निर्वाचन आयोग […]

You May Like