सिंगरौली :तिरंगा हमारा आन बान शान है। इसे बरकरार रखना हम सब का दायित्व बनता है। इस तिरंगे के हिफाजत के लिए लाखों-हजारों नागरिकों एवं सेनानियों ने अपनी जान को कुर्वान कर दिये।उक्त बातें देवसर विधायक राजेन्द्र मेश्राम ने आज दिन रविवार की दोपहर विधायक दफ्तर परसौना से लेकर खुटार तक निकाले गये तिरंगा यात्रा के समापन के अवसर पर आमजनों को शपथ दिलाते हुये कही।
इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष रामसुमिरन गुप्ता, भाजपा जिला मंत्री धु्रव सिंह, भाजयुमो जिला अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह पाल, भाजपा जिला अध्यक्ष सुन्दरलाल शाह, पूर्व मेयर प्रेममती खैरवार, राजकुमार दुबे, जिला मंत्री पूनम गुप्ता सहित अन्य भाजपा के नेता शामिल थे। तिरंगा यात्रा की रैली का आयोजन परसौना स्थित एमएलए दफ्तर से शुरू हुई। भारी संख्या में युवा बाईक के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल हुये। इस दौरान भारत माता जिन्दाबाद, वन्दे मातरम् के बुलन्द आवाज से नगर, कस्बा गूंज उठा। इस दौरान विशाल तिरंगा यात्रा को देखने के लिए बच्चे, बुजुर्ग, महिला, युवतियां घरों से बाहर आ गए। इस दौरान आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस का आगाज भी हुआ।