वन माफियाओं के आगे वन विभाग की निगरानी बेअसरगांव में लकड़ी का भंडारण,दूसरे जिलों तक सप्लाई का आरोप

सिंगरौली । जंगलों की सुरक्षा और वन संपदा के संरक्षण की जिम्मेदारी संभालने वाला वन विभाग आखिर अपनी निगरानी व्यवस्था को लेकर कितना गंभीर है, वन परिक्षेत्र करथुआ की सकरिया बीट से सामने आ रही अवैध कटाई और लकड़ी के कथित कारोबार की शिकायतों ने यह सवाल खड़ा कर दिया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र के जंगलों में बेशकीमती पेड़ों पर लगातार कुल्हाड़ी चल रही है, लेकिन वन माफियाओं के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई होती दिखाई नहीं दे रही है। जंगलों का इस तरह उजड़ना केवल वन संपदा का नुकसान नहीं, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन के लिए भी गंभीर खतरा है। ग्रामीणों के अनुसार सकरिया बीट के जंगलों में हर्रा, सागौन, खैर सहित अन्य इमारती प्रजातियों के पेड़ों को निशाना बनाया जा रहा है। कथित तौर पर दिन में जंगलों की रेकी और रात के अंधेरे में कटाई की जाती है। इसके बाद लकड़ियों को गांव में एकत्रित कर तख्ते, दरवाजे और चौखट तैयार किए जाते हैं। यहां से दूसरे जिलों के लकड़ी टालों तक सप्लाई किए जाने की भी चर्चा है।

वन अमले की सक्रियता पर सवाल यदि ग्रामीणों के आरोप सही हैं तो यह वन विभाग की गश्त, निगरानी और सूचना तंत्र की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल है। आखिर जंगलों में लगातार कटाई और गांव में लकड़ी के कथित कारोबार की भनक जिम्मेदार अमले को क्यों नहीं लग रही है? इधर क्षेत्रवासियों ने वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से सकरिया बीट का तत्काल निरीक्षण कराने, लकड़ी के भंडारण एवं चिरान की जांच करने और कथित तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करने की मांग की है। उनका कहना है कि वन माफियाओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो जंगलों की हरियाली लगातार समाप्त होती जाएगी। अब देखना यह है कि विभाग शिकायतों को कितनी गंभीरता से लेकर धरातल पर कार्रवाई करता है।

.....

You May Like