यातायात पुलिस ने ‘भौकाल’ लिखे वाहन की नंबर प्लेट हटवाई, चालान कर दी सख्त चेतावनी

सीधी: शहर के मड़रिया क्षेत्र में यातायात पुलिस ने कार की नंबर प्लेट की जगह ‘भौकाल’ लिखा होने पर उसे हटवाया, वाहन का चालान किया और सख्त चेतावनी दी।
यह कार्रवाई मंगलवार सुबह विशेष वाहन चेकिंग अभियान के दौरान की गई। जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 11 बजे यातायात थाना प्रभारी भूपेश वैश अपनी टीम के साथ मड़रिया क्षेत्र में वाहनों की जांच कर रहे थे।

इसी दौरान उन्हें तेज रफ्तार से आ रही एक टोयोटा हाइराइडर कार दिखी। जांच में पाया गया कि वाहन के पीछे निर्धारित नंबर प्लेट की जगह बड़े अक्षरों में ‘भौकाल’ लिखा हुआ था, जो मोटर वाहन नियमों का उल्लंघन है। पुलिस ने तत्काल वाहन को रोककर चालक शिवम सिंह से पूंछताछ की। शिवम सिंह ने बताया कि वाहन उनके पिता शंकर सिंह परिहार का है, जो मड़रिया के निवासी हैं। यातायात पुलिस ने चालक के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए गाड़ी को यातायात थाने में खड़ा करा दिया और मौके पर ही अवैध रूप से लिखे गए शब्द को हटवा दिया। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई का समर्थन किया है। उनका कहना था कि कई लोग अपनी गाड़ियों पर ‘भौकाल’, ‘दबंग’, ‘सरकार’ जैसे शब्द लिखकर सड़कों पर चलते हैं, जिससे आम लोगों में अनावश्यक भय और गलत संदेश जाता है।

इनका कहना है

वाहन पर निर्धारित नंबर प्लेट के स्थान पर किसी भी प्रकार के शब्द, पदनाम, जातिसूचक या प्रभाव दिखाने वाले शब्द लिखना नियमों के विरुद्ध है। ऐसे वाहनों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। संबंधित वाहन पर वैध और निर्धारित मानकों वाली नई नंबर प्लेट लगाए जाने के बाद ही उसे छोड़ा जाएगा। यदि भविष्य में इसी वाहन या किसी अन्य वाहन पर दोबारा इस तरह के शब्द लिखे मिले तो संबंधित चालक और वाहन मालिक के खिलाफ और अधिक कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भूपेश वैश , थाना प्रभारी यातायात

Next Post

नव नियुक्त नेता प्रतिपक्ष सोनीला मीमरोट का स्वागत

Tue Jun 23 , 2026
इंदौर : नगर निगम की नव नियुक्त नेता प्रतिपक्ष श्रीमती सोनीला मीमरोट के आज चिंटू चौकसे के निवास पर आगमन पर परिवारजनों द्वारा आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर मीमरोट सहित कांग्रेस परिवार के अनेक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने श्रीमती मीमरोट को नई जिम्मेदारी […]

You May Like