
उज्जैन। शहर में शादी-विवाह का सीजन शुरू होते ही छोटे नोटों की मांग बढ़ गई है। लेकिन बैंकों में पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने से आमजन परेशान हैं। शादी समारोह में बहन बेटियों की विदाई में सामान के साथ एक नोट कडक़ और फ्रेश रखना होता है। इसके साथ ही नाच के दौरान उतारने के लिए भी नोटों की आवश्यकता होती है। इसके साथ पंडित से लेकर ढोली तक को नोट दिए जाते हैं वे सभी फ्रेश होते है।
लोग 10, 20, 50 और 100 रुपये के नोटों की गड्डियां लेने के लिए बैंकों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। दूसरी ओर बाजार में नोटों की गड्डियां तय राशि से ज्यादा कीमत पर बेचने जाने की शिकायते सामने आ रही हैं।
ऐसे में सवाल उठ रहा है कि बैंकों में छोटे नोट उपलब्ध नहीं हैं तो बाजार में इनकी इतनी बड़ी रकम कहां से आ रही है? शादी-विवाह के आयोजनों में नेग, शगुन, बधाई और नोटों के हार बनाने के लिए छोटे नोटों की जरूरत रहती है।
इसी कारण इन दिनों 10, 20, 50, 100 और 200 रुपये के नोटों की मांग बढ़ गई है। बैंक से गड्डियां नहीं मिलने पर लोगों को बाजार का रुख करना पड़ रहा है, जहां जरुरतमंदों से अतिरिक्त रकम वसूले जाने की शिकायते हैं। लोगों ने ऐसे मामलों में जांच कराने के बाद उचित कार्रवाई की मांग की है। जिससे बाजार में छोटे नोटों की कमी नहीं रहे।
बैंकों में गड्डियां नहीं, बाजार में कहां से आ रहा स्टॉक
बने सिंह, सतीश, कमल, रमेश माहेश्वरी सहित अन्य लोगों का कहना है कि जब बैंकों में आम उपभोक्ताओं को छोटे नोटों की गड्डियां नहीं मिल रही है तो बाजार में कुछ लोगों के पास इतनी बड़ी मात्रा में नोट कहां से पहुंच रहे हैं? लोगों ने आशंका जताई कि कुछ लोग बैंकों से गड्डियां हासिल कर जरुरतमंदों को अतिरिक्त कीमत पर तो नहीं बेच रहे हैं। इस संबंध में पवन सिंह बैंक अधिकारी ने कहा कि अगर बाजार में नये नोटों को ज्यादा कीमत पर बेचने का काम किया जा रहा है तो इसके खिलाफ जांच करवा कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जेब पर अतिरिक्त बोझ
शादी-विवाह के दौरान छोटे नोटों की जरूरत बड़े आयोजनों के साथ नेग, शगुन और अन्य रस्मों में भी रहती है। ऐसे में पहले से ही शादी के खर्चे का बोझ उठा रहे परिवारों को नोटों की गड्डियां हासिल करने के लिए अतिरिक्त रकम चुकानी पड़ रही है। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से बाजार में छोटे नोटों की बिक्री और अतिरिक्त वसूली की हिस्सेदारी की जांच कराने तथा बैंकों में पर्याप्त मात्रा में छोटे नोट उपलब्ध कराने की मांग की है। बात दें कि 1 हजार रुपए पर करीब 80 रुपए अतिरिक्त देना पड़ता है। उसके बाद मिलती है नोट की गड्डी।
