
सीधी 29 नवम्बर। जनजातीय पर्यटन ग्राम बकवा में होमस्टे हितग्राहियों के लिए आयोजित 5 दिवसीय व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन पारंपरिक गुदुम बाजा नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति के साथ हुआ। 23 से 27 नवंबर तक चले इस शिविर के समापन अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों एवं स्थानीय जनजातीय कलाकारों ने अपने अनुभवए फीडबैक और सुझाव साझा किए। वहीं पारंपरिक वेशभूषा में गुदुम बाजा की लयबद्ध थाप पर कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुति ने पूरे माहौल को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया।
यहां बताते चलें कि मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड भोपाल द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में टाटा स्ट्राइव ने तकनीकी सहयोग तथा इन्द्रवती नाट्य समिति सीधी ने स्थानीय सहयोग प्रदान किया। प्रशिक्षक अमन वर्मा ने प्रतिभागियों को होमस्टे संचालन, पर्यटकों के स्वागत, आवासीय सुविधाओं, स्वच्छता, पारंपरिक खानपान, व्यवहार कुशलता और पर्यटन सेवाओं की गुणवत्ता से जुड़ी व्यावहारिक जानकारियां दीं। प्रशिक्षण में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि बकवा आने वाले सैलानियों को केवल ठहरने की सुविधा ही नहीं बल्कि जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक खानपान और ग्रामीण जीवन का वास्तविक अनुभव भी मिले जिससे स्थानीय लोगों की आर्थिक आत्मनिर्भरता मजबूत हो सके।
कार्यक्रम में तिलकराज सिंह, रोशनी प्रसाद मिश्र एवं प्रजीत कुमार साकेत सहित स्थानीय जनजातीय कलाकार और ग्रामीणजन उपस्थित रहे। प्रशिक्षण में सहभागी हितग्राहियों व ग्रामीणों में नीरज सिंह, संसार सिंह, चंद्रभान सिंह, रामदेव सिंह, लल्लू सिंह, अमेरिका घासी, रामनरेश सिंह, कुशल सिंह, कृष्ण प्रताप सिंह, तिलकराज सिंह मुखिया, केमला साकेत, छोटेलाल साकेत, रणबहादुर सिंह, दानबहादुर घासी, नन्हे घासी, हरिप्रसाद घासी, बुद्धसेन यादव, राजकुमार जायसवाल, जगन्नाथ जायसवाल, रामप्रसाद साकेत, किरणकली घासी और सुनीता सिंह शामिल रहे।
लोककला ग्राम बकवा बनेगा संस्कृति और रोजगार केन्द्र
कार्यक्रम के दौरान लोककला ग्राम बकवा की अवधारणा, उद्देश्य और सांस्कृतिक विशेषताओं से भी सभी को परिचित कराया गया। लोक कलाग्राम बकवा को क्षेत्र की जनजातीय जीवनशैली, पारंपरिक लोककलाओं, लोकगीत, लोकनृत्य, वाद्ययंत्रों, हस्तशिल्प और सामुदायिक परंपराओं के संरक्षण व प्रदर्शन के एक प्रमुख केन्द्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं जनजातीय पर्यटन को स्थानीय संस्कृति से जोडऩा और गांव के कलाकारों व शिल्पकारों को पर्यटन के माध्यम से सीधे आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना है।
ग्रामीणों ने साझा किए अनुभव
समापन अवसर पर होमस्टे हितग्राहियों एवं स्थानीय कलाकारों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए अपने सुझाव रखे। उन्होंने होमस्टे संचालन, पर्यटकों की आवश्यकताओं, स्थानीय संसाधनों के उपयोग और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को पर्यटन से जोडऩे पर अपने विचार साझा किए। साथ ही प्रतिभागियों ने बकवा में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार के लिए स्थानीय युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता भी जताई। यह प्रशिक्षण बकवा को ग्रामीण पर्यटन के मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हुआ है।
०००००००००००
