
नोएडा। सेक्टर-142 स्थित एसके ओरियन सोसाइटी में फ्लैट के अंदर 21 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान फरीदाबाद निवासी तुषार के रूप में हुई है। वारदात के बाद सोसाइटी और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, तुषार और सौरभ शर्मा आपस में दोस्त थे। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान सौरभ ने अवैध पिस्टल से तुषार को गोली मार दी। गोली लगने से तुषार की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी सौरभ शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अवैध पिस्टल के संबंध में भी जांच कर रही है। मृतक के परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
