तेहरान, 29 नवंबर (स्पुतनिक/वार्ता) ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने रविवार को कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य में दो तेल टैंकर बारूदी सुरंगों से टकरा गए जिनमें एक सुपरटैंकर भी शामिल है।
आईआरजीसी ने एक बयान में कहा, “आज सुबह दो तेल टैंकरों ने नियमों का उल्लंघन किया और समुद्री कानूनों एवं चेतावनियों को नजरअंदाज किया। होर्मुज जलडमरूमध्य में एक प्रतिबंधित और अनधिकृत रास्ते से गुजरते समय ये टैंकर बारूदी सुरंगों से टकरा गए जिससे उनमें आग लग गई।”
आईआरजीसी ने बताया कि एक जहाज जो सुपरटैंकर था और 20 लाख बैरल से ज़्यादा तेल ले जा रहा वह खसाब बंदरगाह के उत्तरी हिस्से में एक बारूदी सुरंग से टकरा गया। दूसरा टैंकर होर्मुज जलडमरूमध्य से बाहर निकलते समय पूर्वी हिस्से में एक बारूदी सुरंग से टकरा गया।
अमेरिका और इज़रायल द्वारा 28 फरवरी को ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू किए जाने के बाद से होर्मुज़ जलडमरूमध्य से होने वाले नौवहन पर भारी प्रतिबंध लगाए गए हैं। तेहरान का कहना है कि जब तक अमेरिका अपनी नौसैनिक नाकेबंदी एवं प्रतिबंधों को नहीं हटाता, तब तक नौवहन पर ये पाबंदियां लागू रहेंगी। हालांकि कभी-कभार कुछ जहाज यहां से गुजर जाते हैं लेकिन वैश्विक तेल और तरलीकृत प्राकृतिक गैस व्यापार के लिए इस महत्वपूर्ण मार्ग से होने वाली नौवहन में काफी कमी आई है।
