गणेश बाग मंदिर के शिला पूजन में माधव विधि महाविद्यालय की प्राचार्य और शिक्षकों ने दिया एक माह का वेतन

ग्वालियर। ढाई सौ वर्ष से भी अधिक प्राचीन एवं ऐतिहासिक गणेश बाग मंदिर के पुनर्निर्माण के लिए आज आयोजित शिला पूजन कार्यक्रम में आस्था, श्रद्धा और सामाजिक सहभागिता का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर के पुनर्निर्माण को लेकर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता करते हुए अपनी सामर्थ्य के अनुसार आर्थिक सहयोग प्रदान किया।

कार्यक्रम में प्रबंधन मंडल के गणमान्य सदस्यों एवं अन्य विशिष्ट जनों डॉ. राजेंद्र वैद्य, वृंदावन लुडेले, प्रभात फाटक, जागेश्वर सिंह, पवन जेठवानी, पुष्पेंद्र जी, अशोक श्रीवास्तव, रामचंद्र एवं संजीव गोयल एवं पूजन व्यवस्था देख रहे भदोरिया सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।

शिला पूजन कार्यक्रम में प्रथम पाली में पीजीव्ही विद्यालय तथा द्वितीय पाली में माधव विधि महाविद्यालय ने बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं श्रद्धालुजनों के साथ सहभागिता की। माधव विधि महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीति पांडे के नेतृत्व में महाविद्यालय परिवार ने कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम का सबसे भावुक पक्ष उस समय सामने आया जब माधव विधि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नीति पांडे, डॉ. राहुल शर्मा, विवेक मिश्रा, सोनाली दुबे, रेखा गंभीर, रिया सक्सेना, पवन, आकांक्षा मिश्रा, रामनिवास शर्मा, सुंदरम श्रीवास्तव, राजेंद्र धाकड़, चेतन शर्मा एवं ध्रुव ढिगे ने अपने एक माह के वेतन को गणेश बाग मंदिर के पुनर्निर्माण हेतु समर्पित करने का संकल्प लिया

महाविद्यालय परिवार की इस पहल ने कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं को भी भावविभोर कर दिया। इसके पश्चात श्रद्धालुजनों ने भी मंदिर के पुनर्निर्माण को अपनी आस्था और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ते हुए बढ़-चढ़कर धनराशि का सहयोग प्रदान किया।

आस्था से जुड़ेगा इतिहास, सहयोग से बनेगा भव्य मंदिर

गणेश बाग मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल ही नहीं, बल्कि ग्वालियर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। मंदिर के पुनर्निर्माण का यह कार्य समाज के सामूहिक सहयोग और सहभागिता से नई भव्यता प्राप्त कर रहा है।

शिला पूजन के अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने कहा कि ऐतिहासिक मंदिर का पुनर्निर्माण केवल भवन निर्माण नहीं, बल्कि हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए आस्था, संस्कृति और विरासत को सुरक्षित रखने का संकल्प है।

कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर श्रद्धालुओं की उपस्थिति, धार्मिक उत्साह और सहयोग की भावना से सराबोर रहा। गणेश बाग मंदिर के पुनर्निर्माण के लिए समाज के विभिन्न वर्गों से मिल रहा सहयोग इस बात का प्रमाण है कि जब आस्था और सामाजिक एकजुटता साथ आती है, तो ऐतिहासिक विरासत को नई पहचान देना संभव हो जाता है। माधव विधि महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ नीति पांडे ने समाज के सभी श्रद्धालुओं से मंदिर निर्माण में अपनी सामर्थ्य अनुसार दान करने की अपील की ।

.....

Next Post

‘संडे ऑन साइकिल’ की 100वीं कड़ी में युवाओं ने साइकिल चलाकर दिया स्वस्थ जीवनशैली का संदेश

Sun Nov 29 , 2026
ग्वालियर। मेरा युवा भारत केंद्र ग्वालियर से जुड़े सफल युवा मंडल द्वारा तिघरा रोड स्थित झंडा का पुरा में देशव्यापी अभियान ‘संडे ऑन साइकिल’ की 100वीं कड़ी आयोजित की गई। कार्यक्रम में युवाओं ने साइकिल रैली के माध्यम से फिटनेस, खेल संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। […]

You May Like