पढ़ाई में डांट-फटकार से नाराज होकर घर छोड़ गया 12 वर्षीय बालक

सीधी: पढ़ाई को लेकर घर में बार-बार मिलने वाली डांट-फटकार से क्षुब्ध होकर 12 वर्षीय बालक घर छोड़कर चला गया। परिजन एक माह तक उसकी तलाश में परेशान होते रहे। इधर, कोतवाली पुलिस भी लगातार बालक की पतासाजी में जुटी रही। आखिरकार पुलिस को सफलता मिली और लापता बालक को तेलंगाना के सिकंदराबाद से सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। लंबे समय बाद बालक के घर लौटने से परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बालक के लापता होने के बाद कोतवाली पुलिस ने संभावित स्थानों पर लगातार तलाश शुरू की थी। इसी दौरान थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी को सूचना मिली कि बालक सिकंदराबाद में है। सूचना मिलते ही उन्होंने सिकंदराबाद पुलिस से संपर्क स्थापित कर आवश्यक समन्वय बनाया और बालक को सुरक्षित दस्तयाब करने की कार्रवाई की। पूछताछ में बालक ने बताया कि घर में पढ़ाई को लेकर बार-बार डांट पड़ने से वह नाराज था।

इसी नाराजगी में वह घर से निकल गया। उसके पास न तो कोई निश्चित ठिकाना था और न ही कहीं पहुंचने की योजना। रास्ते में जो भी परिवहन के साधन मिले, उनसे वह आगे बढ़ता चला गया। बाद में घर लौटने की इच्छा हुई, लेकिन रास्ते की जानकारी नहीं होने के कारण वह वापस नहीं पहुंच सका। कोतवाली पुलिस ने बालक की सुरक्षित दस्तयाबी के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे परिजनों को सौंप दिया। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय राघवेंद्र द्विवेदी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस ने अभिभावकों से की अपील-

सीधी पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों के साथ स्नेहपूर्ण व्यवहार करें। पढ़ाई अथवा अन्य विषयों को लेकर बार-बार डांटने के बजाय उन्हें समझाएं और उनकी भावनाओं एवं समस्याओं को गंभीरता से सुनें। छोटी-छोटी बातों पर बच्चों को प्रताड़ित करने से वे तनाव या आवेश में आकर घर छोड़ने जैसा कदम उठा सकते हैं। कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, उप निरीक्षक प्रीति वर्मा, प्रधान आरक्षक ममता पाठक, आनंद शर्मा एवं केपी सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Next Post

वन विभाग पर प्रताड़ना का आरोप, युवक की मौत के बाद सड़क पर उतरे सैकड़ों ग्रामीण

Sun Nov 29 , 2026
कटनी।जिले के रीठी थाना क्षेत्र अंतर्गत कटनी-दमोह मुख्य मार्ग स्थित बड़गांव बाईपास रविवार को उस समय विरोध प्रदर्शन का केंद्र बन गया, जब एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और सैकड़ों ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। करीब चार घंटे तक चले […]

You May Like