साइबर ठगी का पैसा बना सोना: भोपाल में गोल्ड मनी लॉन्ड्रिंग का नया खेल उजागर, उज्जैन-इंदौर तक फैले तार

भोपाल: साइबर ठगी करने वाले गिरोह ने अब ठगी की रकम को खपाने का नया रास्ता निकाल लिया है। ऑनलाइन फ्रॉड से हासिल पैसा सीधे बैंक खातों में रखने के बजाय आरोपी उसे सोने के सिक्कों में बदलकर गायब हो रहे हैं। भोपाल में सामने आए दो मामलों ने साइबर अपराध के इस नए तरीके का खुलासा किया है। पुलिस को आशंका है कि इसके तार उज्जैन और इंदौर तक फैले हुए हैं।

हबीबगंज थाना क्षेत्र में आरोपियों ने दो प्रतिष्ठित ज्वैलर्स को निशाना बनाते हुए ऑनलाइन भुगतान के जरिए करीब 1.46 लाख रुपये के सोने के सिक्के खरीद लिए। ज्वैलर्स को उस समय तक भुगतान सामान्य लगा, लेकिन कुछ दिन बाद बैंक खातों पर होल्ड लगने से पूरा खेल सामने आ गया। जांच में पता चला कि जिन खातों से रकम भेजी गई थी, वे साइबर धोखाधड़ी से जुड़े हो सकते हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों का तरीका बेहद शातिर था। वे अलग-अलग बैंक खातों से ऑनलाइन रकम ट्रांसफर करते थे ताकि लेन-देन सामान्य दिखाई दे। इसके बाद ज्वैलर से सोना लेकर फरार हो जाते थे। जब तक बैंक और साइबर सेल को संदिग्ध ट्रांजेक्शन की जानकारी मिलती, आरोपी सोना लेकर गायब हो चुके होते थे।
दस नंबर मार्केट स्थित सोनी ज्वैलर्स से एक युवक ने करीब 50 हजार 600 रुपये का सोने का सिक्का खरीदा था। भुगतान में 50 हजार रुपये एक महिला के खाते से और 600 रुपये दूसरे खाते से भेजे गए थे। इसी तरह नुपूर ज्वैलर्स से भी करीब 96 हजार रुपये का सोने का सिक्का खरीदा गया। दोनों मामलों में भुगतान के बाद खातों पर होल्ड लग गया।
अब जांच का दायरा भोपाल से बाहर बढ़ गया है। शिकायतकर्ताओं ने उज्जैन में पकड़े गए आरोपियों के फोटो और वीडियो देखकर एक संदिग्ध को पहचानने का दावा किया है। पुलिस को आशंका है कि यही गिरोह कई शहरों में ज्वैलर्स को निशाना बनाकर साइबर ठगी की रकम को सोने में बदल रहा था।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने कितने ज्वैलर्स से सोना खरीदा, कितनी रकम को सोने में बदला और इस नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में यह मामला सिर्फ ज्वैलर्स से धोखाधड़ी नहीं, बल्कि साइबर अपराध की रकम को ठिकाने लगाने वाली संगठित साजिश के रूप में सामने आ रहा है।

Next Post

हथियार दिखाकर किसान की जमीन पर अवैध कब्जा, विरोध करने पर महिलाओं से अभद्रता

Thu Jun 25 , 2026
ग्वालियर:तहसील डबरा के ग्राम रायपुर से भू-माफियाओं के हौसले बुलंद होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ बघेल समाज के कुछ लोगों पर पीड़ित किसान केशव शर्मा और रामलखन शर्मा की निजी स्वामित्व की भूमि पर जबरन और अवैध रूप से कब्जा करने का गंभीर आरोप लगा है।पीड़ित किसान […]

You May Like