14 साल में भी नही बना फोरलेन

सिंगरौली : सीधी-सिंगरौली राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-39 का फोरलेन निर्माण जिले के लोगों के लिए लंबे समय से इंतजार और परेशानी का कारण बना हुआ है। लगभग 14 वर्षों से चल रहा निर्माण कार्य अब तक पूरी तरह मुकाम तक नहीं पहुंच पाया है।इसी वर्ष के मई महीने में निर्माण की जिम्मेदारी भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को सौंपे जाने के बाद 2 वर्ष के भीतर काम पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। हालांकि निर्माण एजेंसी के सामने अभी भी कई बड़ी चुनौतियां मौजूद हैं। ऐसे में निर्धारित समयसीमा में फोरलेन तैयार करना आसान नहीं दिख रहा।

देवसर और बरगवां के बीच खाखन नदी के समीप स्थित जोगिनी पहाड़ की कटिंग निर्माण एजेंसी के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। पहाड़ की कटिंग पूरी होने के बाद सजहर जंगल से देवसर की ओर आवागमन पहले की तुलना में सुगम हो सकेगा। इससे यात्रियों का समय भी बचेगा और दूरी तय करने में होने वाली परेशानी कम होगी। इसके अलावा झुरही नाला की पुलिया का निर्माण भी महत्वपूर्ण कार्यों में शामिल है, जिसे पूरा करना अभी बाकी है। इसी तरह गोरबी से आगे कसर से मोरवा और सिंगरौली फिलिंग स्टेशन तक के हिस्से में भी निर्माण की चुनौतियां कम नहीं हैं। कई स्थानों पर सड़क निर्माण, डिवाइडर और अन्य जरूरी कार्य अधूरे पड़े हैं। इन कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना निर्माण एजेंसी के लिए बड़ी परीक्षा होगी।
कांग्रेस एवं आप के नेताओं का सरकार पर तंज
हाईवे निर्माण को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेताओं ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। विपक्षी नेताओं का कहना है कि केंद्र और प्रदेश दोनों जगह भाजपा की सरकार होने के बावजूद 14 वर्षों में सड़क का निर्माण पूरा नहीं हो सका। उनका आरोप है कि तीसरी बार निविदा प्रक्रिया होने के बाद अब जाकर निर्माण कार्य में कुछ प्रगति दिखाई देने लगी है। इस सड़क के पूर्व निर्माण कार्यों को लेकर भी लगातार सवाल उठते रहे हैं। पहले इसकी जिम्मेदारी एमपीआरडीसी रीवा के पास थी। उस दौरान निर्माण की गुणवत्ता, घटिया सामग्री के इस्तेमाल और कथित कमीशनखोरी को लेकर ठेकेदारों तथा संबंधित व्यवस्था पर आरोप लगाए जाते रहे हैं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
24 महीने की डेड लाइन,18 महीने अवधि शेष
अब एनएचएआई के जिम्मे निर्माण कार्य आने के बाद जिलेवासियों की उम्मीदें फिर बढ़ी हैं। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या 14 वर्षों से अधूरे पड़े इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग को अगले 2 वर्ष में वास्तव में पूरा किया जा सकेगा? सिंगरौली की औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों के लिहाज से यह सड़क बेहद महत्वपूर्ण है। इसके पूर्ण होने से सीधी-सिंगरौली आवागमन के साथ परिवहन और व्यापार को भी राहत मिलने की उम्मीद है।

Next Post

दुर्गा मंडप के शौचालय बद् से बद्तर

Sun Nov 29 , 2026
सिंगरौली: जिला मुख्यालय बैढ़न के समीपी दुर्गा मंडप के पास गल्ला मंडी परिसर में स्थापित शौचालय की हालत बद् से बद्तर है। आलम यह है कि नगर निगम के सफाई कर्मियों का ध्यान इस पर नही जा रहा है। जिससे यहां आने-जाने वाले दुकानदार एवं आमजन बदबू से परेशान हैं। […]

You May Like