
नयी दिल्ली, 29 नवंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिटनेस और खेलों को बढ़ावा देने पर जोर दिया है।
श्री मोदी ने रविवार को रेडियो पर अपने मासिक कार्यक्रम मन की बात में कहा कि फिट इंडिया के ‘संडेज ऑन साइकिल’ अभियान के 100 आयोजन पूरे हो चुके हैं। दिसंबर 2024 में शुरू हुए इस अभियान से अब तक 30 हजार से ज्यादा स्थानों पर करीब 37 लाख लोग जुड़ चुके हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि हर रविवार इस अभियान का आयोजन हुआ है। उन्होंने बताया कि पुणे में वर्ष 2032 की यूसीआई रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप आयोजित होगी।
श्री मोदी ने भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारतीय फुटबॉल टीम ने 10वीं बार सैफ चैंपियनशिप जीती है। लक्ष्य सेन ने जर्मनी और जापान में लगातार दो सुपर 500 खिताब अपने नाम किए, जबकि पीवी सिंधु ने हाइलो ओपन जीतकर भारत को एक और खिताब दिलाया।
उन्होंने बताया कि आठवें खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन 11 से 22 दिसंबर तक तेलंगाना के छह शहरों में होगा।
प्रधानमंत्री ने लोगों से बदलते मौसम में अपनी सेहत और फिटनेस का ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने खाने में तेल का इस्तेमाल 10 प्रतिशत कम करने की सलाह दोहराई और कहा कि मोटापा कई बीमारियों की वजह बन सकता है। इसलिए खान-पान के साथ नियमित व्यायाम पर भी ध्यान देना जरूरी है।
