भोपाल। मध्य प्रदेश राज्य साइबर पुलिस द्वारा शनिवार को भोपाल स्थित साइबर मुख्यालय में भवन भारती स्कूल के कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक भ्रमण एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल तकनीक के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक अंजलि रघुवंशी ने विद्यार्थियों को साइबर पुलिस की कार्यप्रणाली, साइबर अपराधों के विभिन्न प्रकार, ऑनलाइन धोखाधड़ी, उनसे बचाव के उपाय तथा साइबर अपराधों की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी।
उन्होंने सुरक्षित इंटरनेट एवं सोशल मीडिया उपयोग, ऑनलाइन गेमिंग के दौरान सावधानियां, साइबर बुलिंग, फर्जी लिंक, ओटीपी और पासवर्ड की सुरक्षा तथा व्यक्तिगत जानकारियों को गोपनीय रखने के महत्व पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों को संदिग्ध फाइल डाउनलोड नहीं करने और इंटरनेट पर निजी जानकारी साझा करने से बचने की सलाह दी गई।विद्यार्थियों को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल www.cybercrime.gov.in तथा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी भी दी गई।
