इंदौर: शहर में रात के समय सड़कों पर बेखौफ घूमने वाले बदमाशों से लेकर शराब पीकर वाहन चलाने वालों तक, पुलिस ने एक रात में बड़े पैमाने पर कार्रवाई की. ऑपरेशन मिडनाइट के तहत शहरभर में हुई सरप्राइज चेकिंग में 1544 बदमाशों को जांच के दायरे में लिया, इनमें से 762 के खिलाफ कार्रवाई की गई. अभियान में 338 से अधिक वारंट तामील कराने के साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वाले 286 चालकों को पकड़कर उनके वाहन जब्त किए. पुलिस ने अपराध के लिहाज से संवेदनशील हॉटस्पॉट और शैडो एरिया में ड्रोन से निगरानी भी की.
शुक्रवार रात से शनिवार की मध्यरात्रि तक शहर के चारों जोन में चले अभियान में पुलिस ने सिर्फ सड़कों पर चेकिंग ही नहीं की, बल्कि फरार आरोपियों की तलाश से लेकर आदतन बदमाशों की निगरानी तक एक साथ कार्रवाई की. लंबे समय से फरार आरोपियों के 106 स्थायी वारंट, 92 गिरफ्तारी वारंट और 140 जमानती वारंट तामील कराए. इसके अलावा 110 समंस भी तामील किए. शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए 286 चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा के तहत कार्रवाई कर वाहन जब्त किए. वहीं अंतरराज्यीय बसों और भारी वाहनों के चालकों की भी ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई. सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ 18 प्रकरण दर्ज किए, जबकि मादक पदार्थों का सेवन करने वालों के खिलाफ तीन मामले बनाए.
अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सात आरोपियों को पकड़ा और 180 क्वार्टर से अधिक देशी शराब जब्त की. चंदन नगर और सदर बाजार क्षेत्र में तीन आरोपी चाकू के साथ पकड़े. हॉटस्पॉट और शैडो एरिया में ड्रोन से निगरानी के साथ पुलिस ने पैदल गश्त भी की. इस दौरान गुंडे-बदमाश, नकबजन, लुटेरे, चाकूबाज, निगरानीशुदा अपराधी, जिलाबदर और रासुका के आरोपी सहित 782 से अधिक बदमाशों की चेकिंग की गई. ड्रग्स पैडलर और महिला संबंधी अपराधों, वाहन आगजनी व तोड़फोड़ में संलिप्त रहे अपराधियों पर भी नजर रखी गई.
आदतन बदमाशों को थानों पर बुलाकर डोजियर भरवाए और दोबारा अपराध करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई. होटल, लॉज और रैन बसेरों में भी संदिग्धों की जांच की गई. अभियान के दौरान कुछ फरार अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में लोगों से संवाद कर साइबर अपराध, महिला अपराध, नशे के दुष्परिणाम और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया. एडीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि शहर में अपराधियों की निगरानी, फरार आरोपियों की धरपकड़ और अवैधानिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए ऑपरेशन मिडनाइट चलाया, इस तरह की चेकिंग और कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी.
