इंदौर:सुपर कॉरिडोर की सर्विस रोड पर खड़ी एक टवेरा कार में रखी मोटरसाइकिल ने क्राइम ब्रांच की टीम का ध्यान खींचा. संदेह के आधार पर कार की तलाशी ली गई तो ड्राइवर साइड के दरवाजे के बॉटल होल्डर में छिपाकर रखी 24.71 ग्राम एमडी ड्रग्स मिल गई. पुलिस ने कार में बैठे रतलाम और राजस्थान के दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया.
कार्रवाई 28 नवंबर को सुपर कॉरिडोर पर पिलर नंबर 132 के पास की गई. क्राइम ब्रांच की टीम मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े संदिग्धों की तलाश में क्षेत्र में पहुंची थी. यहां सड़क किनारे सफेद-ग्रे रंग की टवेरा कार खड़ी मिली, जिसमें दो युवक बैठे थे. हैरानी की बात यह थी कि कार के भीतर एक मोटरसाइकिल भी रखी हुई थी. पुलिस ने दोनों से वहां खड़े होने और कार में बाइक रखने का कारण पूछा तो वे घबराने लगे.
संदेह बढ़ने पर टीम ने कार की तलाशी ली. कार के अंदर रखी काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के बारे में आरोपियों ने बताया कि वह खराब है. इसी दौरान ड्राइवर साइड के दरवाजे के बॉटल होल्डर में छिपाकर रखी एमडी ड्रग्स बरामद हुई. पकड़े गए आरोपियों की पहचान वारिस मंसूरी उम्र 28 साल, रहने वाला जिला रतलाम और समीर खान उम्र 25 साल, रहने वाला जिला बांसवाड़ा, राजस्थान के रूप में हुई है. जब्त एमडी ड्रग्स की कीमत करीब 2 लाख 40 हजार रुपए बताई है.
इसके अलावा करीब दो लाख रुपए की टवेरा कार और 40 हजार रुपए की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई. जब्त माल की कीमत करीब 4 लाख 80 हजार रुपए है. क्राइम ब्रांच ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की है. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि एमडी ड्रग्स कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी. आरोपियों से जुड़े सप्लायरों और अंतरराज्यीय नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है. एडीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि क्राइम ब्रांच की टीम लगातार नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है. पकड़े गए आरोपियों से ड्रग्स के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है.
