शादी से इनकार पर हैवानियत! घर में घुसकर युवती समेत पूरे परिवार पर एसिड अटैक

लखनऊ। शादी से इनकार करना एक परिवार को भारी पड़ गया। शादी का दबाव बना रहे एक युवक ने कथित तौर पर घर में घुसकर युवती और उसके माता-पिता पर तेजाब फेंक दिया। परिवार ने विरोध किया तो आरोपी ने युवती की मां पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए KGMU के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

घटना रविवार तड़के करीब चार बजे की है। उदयगंज निवासी शहनवाज उर्फ सानू अपने परिवार के साथ रहते हैं और कारपेंटर का काम करते हैं। आरोप है कि मन्ना नाम का एक युवक तड़के उनके घर में घुस आया। उसने पहले युवती पर तेजाब फेंक दिया। बेटी को बचाने और आरोपी का विरोध करने के लिए माता-पिता आगे आए तो उन पर भी तेजाब फेंक दिया।

बताया जा रहा है कि इस दौरान युवती की मां ने आरोपी का विरोध किया तो उसने चाकू निकालकर उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से घर में चीख-पुकार मच गई। तेजाब से युवती बुरी तरह झुलस गई, जबकि उसके माता-पिता भी इसकी चपेट में आकर घायल हो गए।

शादी का दबाव बना रहा था आरोपी

स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी युवक युवती पर शादी करने का दबाव बना रहा था। परिवार ने इस रिश्ते से इनकार कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। घटना में युवती की मां के चेहरे समेत शरीर के कई हिस्सों पर चोट और जलने के निशान हैं। युवती और उसके माता-पिता का KGMU ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है।

 

 

Next Post

जरूरी है सर्वोदय को नई प्राण वायु देना- चिन्मय मिश्र

Sun Nov 29 , 2026
सतना। मध्य प्रदेश के समस्त जिला सर्वोदय मंडलों को किस तरह विस्तारित किया जाए इस विषय पर विचार विमर्श करने के उद्देश्य से प्रदेश के दौरे पर निकले मध्य प्रदेश सर्वोदय मंडल के अध्यक्ष चिन्मय मिश्र सतना पहुंचे। कलेक्ट्रेट प्रांगण स्थित भारत पेंशनर समाज कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित […]

You May Like