
आगरा। विश्व धरोहर ताजमहल की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शनिवार देर शाम तीन युवक कार लेकर सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए ताजमहल के पूर्वी गेट तक पहुंच गए। कार को तेज रफ्तार में बैरियर से आगे बढ़ता देख पुलिसकर्मियों में अफरातफरी मच गई। पीछा करने के बाद पुलिस ने दो युवकों को पकड़ लिया, जबकि एक मौके से भाग निकला। पकड़े गए दोनों युवकों के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है। मेडिकल रिपोर्ट में भी नशे की पुष्टि हुई है।
घटना शनिवार देर शाम की है। ताजमहल से पर्यटक बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान ईको कार में सवार तीन युवक अमर विलास बैरियर से प्रवेश करने की कोशिश करने लगे। वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक दिया और वापस जाने को कहा। इसके बाद चालक कार लेकर लौट गया, लेकिन करीब 15 मिनट बाद दोबारा पहुंचा और तेज रफ्तार में कार ताजमहल की तरफ दौड़ा दी। कार को तेजी से आगे बढ़ता देख पुलिसकर्मी उसके पीछे दौड़े। एक दरोगा भी बाइक से पीछा करने लगा। उस समय बड़ी संख्या में पर्यटक मौजूद थे। पुलिस को पीछा करते देख पर्यटकों में भी अफरातफरी मच गई। आरोपी कार को ताजमहल के पूर्वी गेट तक ले जाने में कामयाब हो गए।
बाद में पुलिसकर्मियों ने कार को रोक लिया। इस दौरान एक युवक भाग निकला, जबकि दो को पकड़ लिया गया। पुलिस ने कार को सीज कर दिया है।
फतेहाबाद और धौलपुर के रहने वाले हैं आरोपी
एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र नागर के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों की पहचान फतेहाबाद निवासी अमित उपाध्याय और मैनिया, धौलपुर निवासी अंकित कुशवाहा के रूप में हुई है। दोनों को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनके नशे में होने की पुष्टि हुई। पुलिस आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है। उनके खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा घेरे पर उठे गंभीर सवाल
इस घटना ने ताजमहल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यलो जोन में बैरियर और पुलिसकर्मियों की तैनाती के बावजूद कार सवार युवक पूर्वी गेट तक कैसे पहुंच गए? जब बैरियर पर पुलिस मौजूद थी तो वाहन को आगे बढ़ने से क्यों नहीं रोका जा सका? ताजमहल बंद होने के बाद भी कार इतनी दूर तक कैसे पहुंची?
