नयी दिल्ली, 28 नवंबर (वार्ता) तमिलनाडु में सत्तारूढ़ तमिलगा वेट्री कषगम (टीवीके) ने विपक्षी द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के परिसीमन मामले पर दिए बयानों को लेकर कटाक्ष करते हुए कहा है कि जब द्रमुक सत्ता में थी तो कुछ और कहती थी लेकिन अब सत्ता से बाहर होने के बाद उसके सुर और तेवर बदल गए हैं।
टीवीके की आईटी विंग ने सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में आरोप लगाया है कि जो लोग पहले परिसीमन का विरोध करने को आत्म-सम्मान से जोड़ते थे, वे अब उसी योजना को अपना रहे हैं और उसका स्वागत कर रहे हैं। टीवीके के अनुसार, द्रमुक अपने बचाव में कह रही है, “यह आज लिया गया फैसला नहीं है।” इस तरह द्रमुक ने यह स्वीकार कर लिया है कि यह कदम उसकी चुनावी हार के समय ही तय कर लिया गया था और वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समक्ष झुक गई है।
बयान में द्रमुक के कुछ बयानों पर कटाक्ष करते हुए आरोप लगाया गया कि इससे द्रमुक का चेहरा उजागर हुआ है और 1999 से कथित अप्रत्यक्ष संबंधों तथा अवसरवादी राजनीति की बात सामने आई है।
टीवीके के बयान में सवाल उठाया गया कि इस तरह की राजनीति में पेरियार का ‘आत्म-सम्मान’, अरिग्नार अन्ना की द्रविड़ विचारधारा और पार्टी के पुराने दावे कहां हैं। इसके लिए पेरियार, अन्ना, अल्पसंख्यक और तमिलनाडु की जनता माफ नहीं करेगी।
बयान में कहा गया कि द्रमुक नेतृत्व तमिलनाडु और दक्षिण भारत के लोगों, उनके हितों तथा लोकतंत्र के खिलाफ काम कर रहा है और परिवार के सदस्यों तथा मंत्रियों को भ्रष्टाचार के मामलों से बचाने के लिए निजी स्वार्थ की ढाल का इस्तेमाल कर रहा है, जिससे आने वाले चुनावों में उसे हार का सामना करना पड़ेगा।
