बाबूता और वलारिवान की जोड़ी ने 10 मी एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा में जीता स्वर्ण पदक

नयी दिल्ली 08 फरवरी (वार्ता) भारत के अर्जुन बाबूता और एलावेनिल वलारिवान ने रविवार को नई दिल्ली में चल रही एशियन निशानेबाजी चैंपियनशिप 2026 में नए वर्ल्ड रिकॉर्ड स्कोर के साथ 10मी एयर राइफल मिश्रित टीम का खिताब जीतकर मेजबान टीम की गिनती में एक और स्वर्ण पदक जोड़ दिया।
आज यहां खेले गये मुकाबले में भारतीय जोड़ी ने शुरू से आखिर तक फाइनल में अपना दबदबा बनाए रखा और 505 के स्कोर के साथ शीर्ष पर रहते हुए खिताब अपने नाम किया। यह 10मी एयर राइफल मिश्रित टीम निशानेबाजी फाइनल में नया विश्व रिकॉर्ड स्कोर भी था, जो पिछले महीने स्लोवेनिया में आईएसएसएफ ग्रां प्री में जर्मन जोड़ी हैना बुएहलमेयर और मैक्सिमिलियन उलब्रिच के बनाए 502.7 के पिछले रिकॉर्ड से बेहतर है। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 10मी एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा के पदक राउंड का फॉर्मेट बदलकर चार टीमों का शूटऑफ कर दिया गया, जिसमें अलग-अलग स्वर्ण और कांस्य पदक मैच होंगे, जो एक जनवरी, 2026 से लागू होगा। इसलिए रिकॉर्ड भी उसी तारीख से माना जायेगा।

कोरिया गणराज्य के किम वूरिम और क्वोन यूंजी की जोड़ी ने 501 के स्कोर के साथ रजत पदक जीता, जबकि जापान के नाओया ओकाडा और मिसाकी नोबाता की जोड़ी ने 437.9 के स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता। इससे पहले, बाबुता और वलारिवान ने 632.8 के कुल स्कोर के साथ क्वालिफिकेशन राउंड में भी टॉप किया था। अर्जुन बाबूता ने इस हफ़्ते की शुरुआत में पुरुषों की 10मी एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक जीता था, जबकि वलारिवान ने महिलाओं की कॉन्टिनेंटल चैंपियनशिप के अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया था। इसी के साथ इस टूर्नामेंट में भारत के पदकों की संख्या 12 हो गई है। जिनमें सात स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य पदक शामिल है। इस बीच, भारत की दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर अभी महिलाओं की 25मी पिस्टल क्वालिफ़ायर में प्रिसिजन स्टेज के बाद दूसरे स्थान पर हैं। उनकी हमवतन ईशा सिंह सबसे आगे हैं।

Next Post

सीके नायडू अंडर23 में उत्तर प्रदेश ने चंडीगढ़ को पांच विकेट से हराया

Sun Feb 8 , 2026
कानपुर 08 फरवरी (वार्ता) काव्य तेवतिया (99) और अक्षु बाजवा (91 रन और छह विकेट) के पहली पारी में हरफनमौला प्रदर्शन की बदाैलत मेजबान उत्तर प्रदेश ने सीके नायडू अंडर 23 टूर्नामेंट में चंडीगढ़ को पांच विकेट से हरा कर नाकआउट चरण में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जीवंत रखा […]

You May Like